निकाय चुनाव को लेकर बीजेपी ने कसी कमर, 10 नगर निगमों में पर्यवेक्षक नियुक्त, जानिए किसे कहां का जिम्मा मिला

जयपुर. राजस्थान में प्रस्तावित निकाय चुनाव-2026 को लेकर बीजेपी ने संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी है. पार्टी ने प्रदेश के प्रमुख नगर निगमों के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी है. इन पर्यवेक्षकों को संबंधित नगर निगम क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी तैयारियों और स्थानीय स्तर पर पार्टी की स्थिति का फीडबैक लेने की जिम्मेदारी दी गई है. बीजेपी ने प्रदेश के 10 प्रमुख नगर निगमों के लिए वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को पर्यवेक्षक बनाया है.
इनमें भीलवाड़ा, पाली, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, बीकानेर, जयपुर, अलवर, भरतपुर और अजमेर नगर निगम शामिल हैं. पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार अलग-अलग नगर निगमों के लिए तीन-तीन पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है, जबकि कोटा नगर निगम के लिए चार पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. बीजेपी की इस कवायद को आगामी निकाय चुनावों के लिए स्थानीय संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
भीलवाड़ा और पाली में इन्हें मिली जिम्मेदारी
भीलवाड़ा नगर निगम के लिए देवजी पटेल, गौतम कुमार दक और महेंद्र कुमावत को पर्यवेक्षक बनाया गया है. वहीं पाली नगर निगम की जिम्मेदारी सीआर चौधरी, जागेश्वर गर्ग और सुमेधानंद सरस्वती को सौंपी गई है.
जोधपुर और उदयपुर में भी हुई नियुक्तियां
जोधपुर नगर निगम के लिए ओंकार सिंह लखावत, जोराराम कुमावत और किशोर सिंह को पर्यवेक्षक बनाया गया है. उदयपुर नगर निगम के लिए राजेंद्र राठौड़, कैलाश चौधरी और कालूलाल गुर्जर को जिम्मेदारी दी गई है.
कोटा में चार पर्यवेक्षक नियुक्त
कोटा नगर निगम के लिए बीजेपी ने चार नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया है. इनमें मेघराज लोहिया, कन्हैयालाल चौधरी, सुखबीर सिंह जौनपुरिया और रंजीता कोली शामिल हैं. कोटा में चार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति के जरिए पार्टी ने स्थानीय चुनावी गतिविधियों पर विशेष फोकस का संकेत दिया है.
बीकानेर और जयपुर में भी वरिष्ठ नेताओं को जिम्मा
बीकानेर नगर निगम के लिए राजेंद्र गहलोत, सुरेंद्र पाल टीटी और केके विश्नोई को पर्यवेक्षक बनाया गया है. वहीं राजधानी जयपुर की जिम्मेदारी प्रभुलाल सैनी, सुरेश रावत और कुलदीप धनखड़ को दी गई है. जयपुर नगर निगम क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी समीकरणों को देखते हुए यह नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
अलवर, भरतपुर और अजमेर में भी पर्यवेक्षक नियुक्त
अलवर नगर निगम के लिए शंकर सिंह राजपुरोहित, जवाहर सिंह बेढम और रामलाल शर्मा को पर्यवेक्षक बनाया गया है. भरतपुर की जिम्मेदारी अशोक परनामी, छगन माहुर और संजय शर्मा को दी गई है. वहीं अजमेर नगर निगम के लिए अरुण चतुर्वेदी, गोपीचंद मीणा और हीरालाल नागर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. बीजेपी के इन पर्यवेक्षकों के जरिए संबंधित नगर निगम क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, स्थानीय कार्यकर्ताओं की सक्रियता और चुनावी तैयारियों का फीडबैक जुटाया जाएगा. साथ ही स्थानीय स्तर पर पार्टी के सामने मौजूद चुनौतियों और संभावित चुनावी रणनीति को लेकर भी रिपोर्ट तैयार किए जाने की संभावना है. निकाय चुनाव-2026 को लेकर बीजेपी की यह नियुक्तियां आने वाले दिनों में स्थानीय राजनीति को और सक्रिय कर सकती है.



