गुरुद्वारे में चाकू चला तो भड़के कनाडाई PM, 2 घायल, सिख समुदाय के साथ खड़े हुए कार्नी

Last Updated:August 22, 2026, 14:57 IST
कनाडा के एडमोंटन स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर गुरुद्वारे में शनिवार सुबह प्रार्थना के दौरान चाकू से हमला हुआ. दो लोग घायल हुए और पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया. प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने घटना की कड़ी निंदा की और सिख समुदाय के साथ एकजुटता जताई.कनाडा गुरुद्वारे में हमला हुआ.
कनाडा के एडमोंटन स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर गुरुद्वारे में शनिवार सुबह चाकू से हमला किए जाने से हड़कंप मच गया. घटना में दो लोग घायल हुए हैं. हमले के वक्त गुरुद्वारे में शादी समारोह से पहले सुबह की प्रार्थना चल रही थी. पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए घायल लोगों और पूरे सिख समुदाय के प्रति एकजुटता जताई. उन्होंने इसे बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना बताया. कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘किसी को भी अपने पूजा स्थल पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए.’ उन्होंने घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए एडमोंटन पुलिस सेवा की भी सराहना की.
गुरुद्वारे में प्रार्थना के दौरान हमला
पुलिस और समुदाय के प्रतिनिधियों के मुताबिक, हमला एडमोंटन के उत्तर-पूर्वी बाहरी इलाके में स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर में सुबह करीब 5 बजे के बाद हुआ. बताया गया कि उस समय गुरुद्वारे में शादी समारोह से पहले सुबह की प्रार्थना चल रही थी. इसी दौरान एक व्यक्ति ने दो लोगों पर चाकू से हमला कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी 14 स्ट्रीट और हॉर्स हिल रोड के पास स्थित गुरुद्वारे में पहुंचे. पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया. आपातकालीन सेवाओं ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया. फिलहाल उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
कार्नी ने जताई सिख समुदाय से एकजुटता
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि इस घटना से पूरा समुदाय सदमे में है. उन्होंने घायलों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि धार्मिक स्थल पर जाने वाला हर व्यक्ति सुरक्षित महसूस करने का हकदार है. उन्होंने एडमोंटन पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए भी धन्यवाद दिया.
विपक्षी नेता ने भी की कड़ी निंदा
कनाडा के विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने भी हमले को ‘भयावह’ बताया. उन्होंने कहा कि हमले के जिम्मेदार व्यक्ति को उसके कृत्यों के लिए पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. पोइलिवरे ने अधिकारियों से हमले के पीछे की वजह का पता लगाने की मांग की. उन्होंने कहा कि कनाडा में हर व्यक्ति को शांति और सुरक्षा के साथ अपने धर्म का पालन करने का अधिकार है. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए एडमोंटन के सिख समुदाय के साथ समर्थन जताया. फिलहाल पुलिस ने एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है और घटना की जांच जारी है.
About the AuthorYogendra Mishra
Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ेंFirst Published :
August 22, 2026, 14:57 IST



