नामांकन शुरू होते ही AAP ने खोले पत्ते, जयपुर नगर निगम के 11 वार्डों में उतारे प्रत्याशी

Last Updated:August 27, 2026, 11:43 IST
Jaipur Nagar Nigam Chunav AAP Candidate List: जयपुर नगर निगम चुनाव 2026 में नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस से पहले अपने पत्ते खोल दिए हैं. आप ने जयपुर के अलग-अलग वार्डों से 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. इनमें सांगानेर, आदर्श नगर, बगरू, हवामहल, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा और सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्रों के वार्ड शामिल हैं. दूसरी ओर भाजपा और कांग्रेस अभी प्रत्याशी चयन को लेकर बैठकों में व्यस्त हैं. कांग्रेस की पहली सूची शुक्रवार को जारी होने की संभावना है, जबकि भाजपा अगले एक-दो दिन में उम्मीदवारों का ऐलान कर सकती है. राजस्थान की 309 शहरी निकायों में आज से नामांकन शुरू हुआ है. सदस्य पदों के लिए मतदान 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में होगा. ऐसे में जयपुर में टिकट को लेकर दावेदारों की धड़कनें बढ़ गई हैं.
ख़बरें फटाफट
जयपुर नगर निगम चुनाव में नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही आम आदमी पार्टी ने 11 वार्डों में प्रत्याशी घोषित किए
जयपुर. राजस्थान में नगर निकाय चुनाव 2026 की तस्वीर अब धीरे-धीरे साफ होने लगी है. प्रदेश की 309 शहरी निकायों में सदस्य पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है. चुनावी मैदान में उतरने के इच्छुक उम्मीदवार अब अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे. इस बीच जयपुर नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने भाजपा और कांग्रेस से पहले प्रत्याशियों के नाम घोषित कर बढ़त बना ली है. आप ने जयपुर शहर के अलग-अलग वार्डों से 11 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है. वहीं प्रदेश की दो प्रमुख पार्टियां भाजपा और कांग्रेस अभी प्रत्याशियों के चयन को लेकर बैठकों और मंथन में जुटी हैं.
कांग्रेस की पहली सूची शुक्रवार को जारी होने की संभावना है, जबकि भाजपा की ओर से भी अगले एक-दो दिन में उम्मीदवारों के नाम सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है. राजस्थान में इस बार 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगर पालिकाओं समेत कुल 309 शहरी निकायों में चुनाव होने हैं. सदस्य पदों के लिए मतदान दो चरणों में कराया जाएगा. पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोटिंग प्रस्तावित है. नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं. संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन की तैयारियों में जुट गए हैं.
आम आदमी पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
जयपुर नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी ने प्रत्याशियों के ऐलान के मामले में भाजपा और कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया है. पार्टी की पहली सूची में 11 उम्मीदवारों को जगह मिली है. चुनाव प्रभारी देवेंद्र शास्त्री की अनुमति के बाद जिला अध्यक्ष अमित दाधीच और जिला चुनाव प्रभारी अर्चित गोयल ने सूची जारी की. आप ने शहर की अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में वार्डवार उम्मीदवार उतारे हैं. इनमें सांगानेर के वार्ड 54 से संगीता कुमारी गौड़, आदर्श नगर के वार्ड 118 से मोहम्मद असलम और वार्ड 120 से लाल चंद सैनी को टिकट दिया गया है. बगरू से वार्ड 64 में हीरा लाल खर्रा, वार्ड 62 से योगेश गोयल और वार्ड 71 से मोहम्मद साजिद मैदान में होंगे. इसके अलावा हवामहल के वार्ड 141 से डॉ. गजेंद्र बंसल और वार्ड 145 से पिंकी कुमारी, विद्याधर नगर के वार्ड 22 से त्रिलोक पारीक, झोटवाड़ा के वार्ड 33 से कविता यादव और सिविल लाइंस के वार्ड 103 से प्रदीप को प्रत्याशी बनाया गया है.
कांग्रेस-बीजेपी में टिकट को लेकर मंथन का दौर जारी
आप के प्रत्याशियों के ऐलान के बाद अब निगाहें भाजपा और कांग्रेस की सूचियों पर टिक गई है. दोनों दलों में दावेदारों के नामों को लेकर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है. कांग्रेस की पहली सूची शुक्रवार को आने की संभावना है. पार्टी जयपुर नगर निगम के लिए उम्मीदवारों की सूची दो हिस्सों में जारी कर सकती है. वहीं भाजपा से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पार्टी एक साथ सभी या बड़ी संख्या में प्रत्याशियों के नाम घोषित करने पर विचार कर रही है. ऐसे में अगले कुछ दिनों में जयपुर नगर निगम चुनाव का मुकाबला और स्पष्ट होने की उम्मीद है. टिकट की दौड़ में शामिल दावेदारों की नजर अब दोनों प्रमुख दलों की सूची पर है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 27, 2026, 11:22 IST



