309 निकायों में चुनावी हलचल तेज, जानें आज कहां कितनों ने किया नामांकन?

Last Updated:August 27, 2026, 23:24 IST
Rajasthan Nikay Chunav 2026 : राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू, पहले दिन 967 प्रत्याशियों ने 1144 नामांकन पत्र दाखिल किए. रक्षाबंधन और रविवार के कारण दो दिन का ब्रेक रहेगा. माना जा रहा है कि प्रमुख पार्टियों ने अभी नामांकन नहीं किया है. ऐसे में आखिरी दिनों में वे नामांकन कर सकते हैं. जैसे जैसे टिकट पाइनल होते जाएंगे नामांकन बढ़ता जाएगा. जानें आज कहां कितने लोगों ने नामांकन किया है.
ख़बरें फटाफट
जयपुर निकाय चुनाव अपडेट
जयपुर. राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही चुनावी हलचल तेज हो गई है. प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में नामांकन के पहले दिन 967 प्रत्याशियों ने कुल 1144 नामांकन पत्र दाखिल किए. पहले दिन कई जिलों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी उत्साह दिखाया, जबकि भाजपा और कांग्रेस समेत बड़े राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा का इंतजार अभी बना हुआ है. माना जा रहा है कि जैसे-जैसे पार्टियों के टिकट फाइनल होंगे, नामांकन की रफ्तार और तेज होगी.
पहले दिन नामांकन को लेकर अलग-अलग जिलों में अलग तस्वीर दिखी. कहीं दर्जनों उम्मीदवारों ने पर्चे भरे तो कुछ निकायों में एक भी नामांकन नहीं हुआ. रक्षाबंधन और रविवार के कारण नामांकन प्रक्रिया में दो दिन का ब्रेक भी रहेगा. अब 29 और 31 अगस्त को नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, ऐसे में अंतिम दो दिनों में सबसे ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है.
कहां कितने नामांकन हुए
दौसा में पहले दिन 49 प्रत्याशियों ने कुल 63 नामांकन दाखिल किए. बांदीकुई नगर पालिका में सबसे ज्यादा 23 प्रत्याशियों ने 30 नामांकन पत्र जमा किए. महवा और लालसोट में 13-13 नामांकन हुए. मंडावरी में 3, लवाण में 2 जबकि दौसा नगर परिषद और मंडावर नगर पालिका में एक-एक नामांकन दाखिल हुआ. बसवा, सिकराय और रामगढ़ पचवारा में पहले दिन एक भी नामांकन नहीं हुआ.
धौलपुर जिले में पहले दिन 35 प्रत्याशियों ने कुल 52 नामांकन पत्र दाखिल किए. नगरपालिका बाड़ी में सबसे ज्यादा 21 प्रत्याशियों ने 35 नामांकन भरे. बसेड़ी में 6 प्रत्याशियों ने 8, नगर परिषद धौलपुर में 4 प्रत्याशियों ने 5, मनियां में 1 और राजाखेड़ा में 3 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए. सैंपऊ और सरमथुरा में पहले दिन एक भी नामांकन नहीं हुआ.
धौलपुर नगर परिषद के 60 वार्डों की बात करें तो यहां पहले दिन तीन वार्डों से कुल 5 नामांकन दाखिल किए गए. वार्ड 40 से अतुल भार्गव ने कांग्रेस प्रत्याशी और निर्दलीय के रूप में नामांकन भरा. वार्ड 28 से यश तिवारी और धर्मेंद्र ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चे दाखिल किए. वार्ड 43 से आयुषी शर्मा ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन भरा. करीब 100 लोगों ने नामांकन से पहले तय फीस जमा कराई, जबकि 200 से अधिक लोगों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से नामांकन फॉर्म लिए.
राजसमंद जिले की पांच नगर निकायों में पहले दिन कुल 9 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए. नगर पालिका आमेट में 1, नाथद्वारा में 7 और नगर परिषद राजसमंद में 1 नामांकन हुआ. वहीं भीम और देवगढ़ नगर पालिकाओं में पहले दिन कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया.
चित्तौड़गढ़ जिले की सात निकायों में पहले दिन कुल 12 नामांकन पत्र दाखिल हुए. इनमें सबसे ज्यादा 11 नामांकन बड़ीसादड़ी नगर पालिका में हुए, जबकि कपासन में 1 नामांकन दाखिल किया गया.
करौली में नाम निर्देशन जमा करने के पहले दिन उम्मीदवारों में खासा उत्साह नजर आया. कलेक्ट्रेट स्थित एसडीएम कार्यालय में नामांकन पत्र लेने वालों की भीड़ रही और 55 से अधिक उम्मीदवारों ने निर्वाचन अधिकारी से नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए. यहां सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा.
बाड़मेर में भी नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही उम्मीदवारों की सक्रियता दिखाई दी. पार्षद पद के लिए भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए. नामांकन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस जाब्ता तैनात रहा.
प्रदेशभर में पहले दिन की तस्वीर साफ है कि कई दावेदारों ने चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन असली रफ्तार अब राजनीतिक दलों के टिकट घोषित होने के बाद देखने को मिल सकती है. 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण नामांकन नहीं होंगे. ऐसे में 29 और 31 अगस्त को कलेक्ट्रेट और नामांकन केंद्रों पर दावेदारों की भीड़ बढ़ने की संभावना है. टिकट की दौड़ के बीच अब यह भी साफ होगा कि कौन पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरता है और कौन निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला करता है.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 27, 2026, 23:24 IST



