‘शक्तिमान’ पर बदले मुकेश खन्ना के सुर, रणवीर सिंह की देव आनंद से की तुलना, करोड़ों का चेक ठुकराने का है अफसोस?

Last Updated:August 28, 2026, 09:37 IST
मुकेश खन्ना अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. अपने पॉपुलर शो ‘शक्तिमान’ पर बनने वाली फिल्म को लेकर एक्टर ने कई दिलचस्प दावे करते हुए कहा कि इसके लिए उन्हें करोड़ों रुपये ऑफर हुए थे जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था.मुकेश खन्ना ने कहा था कि ‘शक्तिमान’ के लिए रणवीर सिंह सही पसंद नहीं हैं.
नई दिल्ली. मुकेश खन्ना अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. अपने पॉपुलर शो ‘शक्तिमान’ पर बनने वाली फिल्म को लेकर एक्टर ने कई दिलचस्प दावे करते हुए कहा कि इसके लिए उन्हें करोड़ों रुपये ऑफर हुए थे जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था. लेटेस्ट इंटरव्यू में रणवीर सिंह को लेकर मुकेश खन्ना के सुर बदले-बदले नजर आए. उन्होंने यंग एक्टर की तारीफ करते हुए उनकी तुलना देव आनंद से कर डाली. वो कहते हैं कि उन्होंने देव आनंद के बाद दूसरा ऐसा एक्टर देखा है जिसमें कमाल की एनर्जी है.
सुभोजीत घोष के साथ बातचीत में मुकेश खन्ना ने साफ कर दिया कि वह इस मामले में पीछे हटने के मूड में नहीं हैं. मुकेश खन्ना से जब फिल्म को लेकर उनके रवैये पर सवाल किया गया तो उन्होंने ट्रोल्स पर भी निशाना साधा. एक्टर कहते हैं कि लोगों ने उन्हें ट्रोल करते हुए कहा कि उन्हें आगे बढ़ जाना चाहिए लेकिन वो ऐसा नहीं मानते हैं. मुकेश खन्ना ने दो टूक कहा, ‘मैं आगे क्यों बढ़ूं? मैंने शक्तिमान बनाया है’.
मुकेश खन्ना का कहना है कि ‘शक्तिमान’ पर बनने वाली फिल्म को लेकर मामला सिर्फ कास्टिंग और पैसों का नहीं बल्कि विरासत का है. वो अपनी विरासत को किसी और के हाथ में सौंपने को तैयार नहीं हैं. वो बताते हैं कि उन्हें फिल्म में विलेन किलविश का रोल ऑफर हुआ था लेकिन वो ‘शक्तिमान’ का लीड रोल अदा करने पर अड़े रहे. उनका मानना है कि ‘शक्तिमान’ की आत्मा और उसकी मूल पहचान से वह अच्छी तरह वाकिफ हैं, इसलिए इस किरदार के साथ क्या किया जाना चाहिए, इसे लेकर उनकी अपनी स्पष्ट सोच है.
‘शक्तिमान’ उर्फ मुकेश खन्ना का दावा है कि उन्हें इस फिल्म के लिए करोड़ों रुपये ऑफर हुए थे. वो कहते हैं कि लाखों नहीं बल्कि करोड़ों रुपये ऑफर हुए थे. हर किसी का कहना था कि वो इतने पैसे ठुकरा कर गलती कर रहे हैं. एक्टर का मानना है कि हो सकता है कि उन्होंने पैसों का ऑफर ठुकरा गलती की लेकिन वो सिर्फ प्रॉफिट के लिए शक्तिमान को बेच नहीं सकते हैं.
एक्टर का कहना है कि वह शक्तिमान की विरासत को सुरक्षित रखना चाहते हैं. मुकेश खन्ना ने माना कि व्यावसायिक नजरिए से देखा जाए तो उनका करोड़ों रुपये छोड़ना एक ‘बहुत बेवकूफी भरा फैसला’ लग सकता है. लोगों ने उनसे कई बार कहा है कि रणवीर सिंह बहुत बड़े अभिनेता हैं और वह किसी भी किरदार को निभा सकते हैं. यहां तक कि लोगों ने उनसे यह भी कहा कि अगर रणवीर ‘धुरंधर’ जैसा किरदार निभा सकते हैं, तो वह शक्तिमान भी कर सकते हैं.
रणवीर सिंह के बारे में बात करते हुए मुकेश खन्ना कहते हैं कि वो तीन घंटे तक उनको मनाने की कोशिश करते रहे. रणवीर सिंह जमीन पर बैठकर तीन घंटे तक कोशिश करते रहे कि वो शक्तिमान का रोल निभा लें. मुकेश खन्ना ने रणवीर की तारीफ करते हुए कहा कि देव आनंद के बाद उन्होंने दूसरा ऐसा एक्टर देखा है जिसमें इतनी कमाल की एनर्जी है, लेकिन इसके बावजूद को ‘शक्तिमान’ के रोल के लिए सही नहीं हैं.
About the AuthorPranjul SinghSub-Editor
From the precision of chemistry labs to the vibrant chaos of a newsroom, my journey has been about finding the perfect formula for a great story. A graduate in Chemistry Honours from the historic Scottish Churc…
New Delhi,Delhi
First Published :
August 28, 2026, 09:37 IST



