Tonk News: 396 सिम से 2 करोड़ की ठगी, पुलिस ने साइबर गैंग की तोड़ी कमर, करोड़ों की ठगी करने वाले 11 आरोपी गिरफ्तार

Last Updated:August 28, 2026, 18:25 IST
टोंक में DST और दतवास पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह पर सोशल मीडिया के जरिए फर्जी इन्वेस्टमेंट लिंक भेजकर करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है. पुलिस ने 396 फर्जी सिम कार्ड, 2 बोलेरो, 1 स्विफ्ट कार, 12 मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की है.
टोंक. जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. जिला विशेष टीम (DST) और दतवास थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों पर सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निवेश का झांसा देकर लाखों-करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है. शुरुआती जांच में गिरोह द्वारा करीब 2 करोड़ रुपये की साइबर ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है.
टोंक जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर शिकंजा कसने के लिए एसपी रोशन मीणा के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया गया. DST प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी के नेतृत्व में जिला विशेष टीम और दतवास थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए गिरोह के 11 सदस्यों को दबोचा. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद टोंक और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय साइबर ठगों में हड़कंप मच गया है.
फर्जी इन्वेस्टमेंट लिंक भेजकर करते थे ठगीपुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे. इसके बाद उन्हें फर्जी इन्वेस्टमेंट लिंक भेजकर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया जाता था. जैसे ही कोई व्यक्ति आरोपियों के झांसे में आकर लिंक पर क्लिक करता या पैसे निवेश करता, आरोपी उसके बैंक खाते से रकम निकाल लेते थे. जांच में सामने आया है कि साइबर ठगी के इस नेटवर्क में 396 फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल किया. आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर पहले से ही 81 शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गिरोह लंबे समय से साइबर ठगी के नेटवर्क में सक्रिय था.
दो बोलेरो और एक स्विफ्ट कार जब्तपुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के काम में इस्तेमाल किए जाने वाले कई सामान भी बरामद किए हैं. कार्रवाई के दौरान ठगी की रकम से खरीदी गई 2 बोलेरो और 1 स्विफ्ट कार, 12 महंगे मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप जब्त किए. इसके अलावा 5 चालू एटीएम कार्ड और 37 हजार रुपये नकद भी पुलिस के हाथ लगे हैं. पुलिस ने अंशुमान मीणा, नमोनारायण मीणा, सोनू मीणा, विजेंद्र मीणा, राहुल मीणा, महेश मीणा, मनीष मीणा, अरविंद मीणा, सौरभ मीणा, रितेश मीणा और रोहित मीणा को गिरफ्तार किया है.
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े नेटवर्क के राजफिलहाल दतवास थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है. पुलिस को आशंका है कि आरोपियों से पूछताछ में साइबर ठगी से जुड़े देशव्यापी नेटवर्क के बारे में कई अहम खुलासे हो सकते हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह से और कितने लोग जुड़े हैं और ठगी की रकम को किन माध्यमों से खपाया जाता थ.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंFirst Published :
August 28, 2026, 18:25 IST



