स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में रचा इतिहास, सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बनीं दूसरी महिला क्रिकेटर

नई दिल्ली. भारत की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में सूजी बेट्स को पछाड़कर दूसरे पायदान पर पहुंच गई हैं. बाएं हाथ की बल्लेबाज ने रविवार को थाईलैंड के खिलाफ विमेंस एशिया कप 2026 के तीसरे मुकाबले में 10 गेंदों का सामना करते हुए 19 रन बनाए. उनकी इस पारी में 4 चौके शामिल रहे. इसी के साथ मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10,756 रन बना लिए. मंधाना टेस्ट मुकाबलों में 788 रन बना चुकी हैं, जबकि वनडे फॉर्मेट में उनके नाम 5411 रन दर्ज हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 4557 रन जुटाए हैं.
30 वर्षीय मंधाना ने टेस्ट करियर के 9 मुकाबलों में 2 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं. वहीं, 120 वनडे मुकाबलों में उनके नाम 14 शतक और 35 अर्धशतक हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मंधाना 1 शतक के साथ 35 अर्धशतक जमा चुकी हैं. इस लिस्ट में मिताली राज शीर्ष पर हैं, जिन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 10,868 रन बनाए. वहीं, सूजी बेट्स (10,740) इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर पहुंच गई हैं. शार्लेट एडवर्ड्स (10,273) और स्टेफनी टेलर (10,007) क्रमश: चौथे और पांचवें पायदान पर हैं.
थाईलैंड ने टॉस जीतकर चुनी बॉलिंगविमेंस एशिया कप 2026 के अपने पहले मैच में थाईलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. इस मैच के साथ प्रतिका रावल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया. वहीं, थाईलैंड की कार्यवाहक कप्तान थिपचा पुथावोंग ने बताया है कि टीम की नियमित कप्तान नारुमोल चाईवाई चोटिल होने के कारण इस मुकाबले से बाहर हैं.
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, एन श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं.
वहीं, थाईलैंड की प्लेइंग इलेवन में नत्थाकन चंथम, नन्नापत कोंचरोएनकाई (विकेटकीपर), चानिदा सुथिरुआंग, सुलेपोर्न लाओमी, ओन्निचा कामचोमफू, थिपचा पुथावोंग (कप्तान), फन्निता माया, एफिसारा सुवानचोनराथी, सुनीदा चतुरोंग्रट्टाना, नन्नाफट चाइहान और नाओमी हैमिल्टन शामिल हैं.



