बहारों से हुई महबूब के स्वागत की गुजारिश, 60 साल पुराना वो कालजीत गीत, जिसे मोहम्मद रफी की आवाज ने कर दिया अमर

Last Updated:September 07, 2026, 13:51 IST
60 के दशक में एक ऐसा गाना रिलीज हुआ, जिसकी चमक आज भी फीकी नहीं पड़ी है. हसरत जयपुरी के लिखे रोमांटिक बोलों में जब मोहम्मद रफी की मखमली आवाज घुली, तो यह नगमा हर दिल की धड़कन बन गया. राग शिवरंजनी पर सजे इस गाने ने प्रेमिका के आगमन को पूरी कुदरत का उत्सव बना दिया. यह सदाबहार गीत आज भी शादियों और दिल के इजहार की पहली पसंद बन चुका है.
ख़बरें फटाफट
60 सालों के बाद भी कालजयी है गाना.
नई दिल्ली. साल 1966 में राजेंद्र कुमार और वैजयंतीमाला की फिल्म ‘सूरज’ रिलीज हुई थी. इसका ‘बहारों फूल बरसाओ’ कालजयी गीत साबित हुआ. प्रेमिका के स्वागत में बना यह गाना 6 दशकों बाद भी हिंदी सिनेमा के सबसे पॉपुलर गीतों में शुमार है. बड़े पर्दे पर जब राजेंद्र कुमार ने वैजयंतीमाला के लिए यह गीत गाया, तो उनकी ऑन स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया. कुदरत से फूल बरसाने की गुजारिश वाला यह गीत आज भी भारतीय शादियों के मौकों की पहली पसंद बना हुआ है.
भारतीय शास्त्रीय संगीत के राग शिवरंजनी पर आधारित इस धुन को शंकर-जयकिशन ने सादगी से पिरोया कि यह सीधे सुनने वालों के दिलों में उतर जाती है. हसरत जयपुरी के लिखे बोलों की सबसे बड़ी खूबसूरती यही है कि यह मोहब्बत को महज दो लोगों का निजी अहसास नहीं मानती, बल्कि इसे प्रकृति के एक उत्सव के रूप में पेश करती है. मोहम्मद रफी की आवाज की मिठास सुनते ही एक सुरमई और रूमानी माहौल तैयार कर देती है.
राजसी ठाट-बाट और प्रेम कहानी
टी. प्रकाश राव के कुशल निर्देशन में बनी फिल्म ‘सूरज’ में राजेंद्र कुमार ने सूरज सिंह और वैजयंतीमाला ने अनुराधा सिंह का किरदार निभाया था. राजसी ठाट-बाट और प्रेम कहानी पर बनी इस फिल्म में अजीत, मुमताज, जॉनी वॉकर और ललिता पवार जैसे दिग्गज सितारों ने भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया था. फिल्म की सफलता में मोहम्मद रफी की आवाज से सजे गाने को भी क्रेडिट जाता है.
बॉक्स ऑफिस पर चला था फिल्म का जादू
बताते चलें कि राजेंद्र कुमार और वैजयंतीमाला की फिल्म ‘सूरज’ सिर्फ अपने अमर संगीत के दम पर ही नहीं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी ऐतिहासिक सफलता हासिल करने में कामयाब रही. उस दौर में लगभग 5 करोड़ का कलेक्शन करके यह फिल्म साल 1966 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी और इसे बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट का दर्जा मिला. गानों की मिठास और दमदार कहानी के दम पर यह फिल्म आज भी भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम दौर की एक नायाब मिसाल मानी जाती है. इसके गानों ने लोगों के दिलों में खास जगह बनााई है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
September 07, 2026, 13:51 IST



