रोज कितने बाल झड़ना सामान्य? मुट्ठी भर बाल गिरें तो क्या करें, एक्सपर्ट से जानें जवाब

फरीदाबाद: बाल झड़ना आजकल काफी आम परेशानी बन गई है. नहाते समय या कंघी करते वक्त हाथ में बाल देखकर कई लोगों को चिंता होने लगती है कि कहीं कोई बीमारी तो नहीं है. रोज कितने बाल गिरना सामान्य है और कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए? क्या मुट्ठी भर बाल गिरना शरीर में किसी चीज की कमी का संकेत है? वहीं, तेल न लगाने से क्या सच में बाल ज्यादा झड़ते हैं? तनाव, क्रैश डाइट और तेजी से वजन कम होने पर अचानक बाल क्यों गिरने लगते हैं?
Local18 से बातचीत में फरीदाबाद के अमृता हॉस्पिटल की स्किन और हेयर विशेषज्ञ डॉ. पंखुड़ी दुदानी ने बाल झड़ने से जुड़े इन सवालों के जवाब दिए.
रोज कितने बाल गिरना सामान्य है और कब चिंता करनी चाहिए, इस पर डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि लगभग 100 बाल एक दिन में गिरना सामान्य है. जैसा कि हर जानवर में होता है, बालों की भी एक साइकिल होती है. एक समय तक बाल लंबे होते हैं और फिर वे अपने आप गिर जाते हैं. करीब 100 बालों का रोज झड़ना सामान्य माना जाता है.
तकिए या कुर्सी पर ज्यादा बाल दिखें तो हो जाएं सावधान
डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि अगर आपको लगता है कि सोने के बाद तकिए पर बहुत सारे बाल गिरे हुए हैं या कहीं कुर्सी पर बैठे हैं और वहां भी बहुत सारे बाल झड़कर गिर गए हैं, तो यह सामान्य से ज्यादा हो सकता है. ऐसी स्थिति में बाल झड़ने की समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
मुट्ठी भर बाल झड़ना किस ओर करता है इशारा?
मुट्ठी भर बाल झड़ने को लेकर डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि अगर जब भी आप बालों में हाथ डालते हैं तो हाथ में बाल आ जाते हैं, तो इसका मतलब है कि बाल झड़ रहे हैं. यह शरीर में किसी चीज की कमी या फिर किसी तनाव की वजह से हो सकता है. यानी अगर लगातार हाथ लगाने या बालों में कंघी करने पर काफी बाल निकल रहे हैं तो इसकी वजह पर ध्यान देना जरूरी है.
तेल न लगाने से ज्यादा नहीं झड़ते बाल
तेल न लगाने से क्या बाल ज्यादा झड़ते हैं, इस पर डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि ऐसा कुछ नहीं है. रोजमर्रा में रोज तेल लगाने की जरूरत नहीं है. ऐसा नहीं है कि तेल नहीं लगाने से बाल झड़ रहे हैं. हालांकि, जब हम तेल लगाते हैं तो थोड़ा मसाज भी करते हैं, जिससे बाल झड़ने में थोड़ी कमी आ सकती है.
तनाव और क्रैश डाइट से क्यों झड़ने लगते हैं बाल?
तनाव, क्रैश डाइट और तेजी से वजन कम करने को लेकर डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि अगर हम काफी तनाव में हैं या अचानक से बहुत सारा वजन कम करते हैं, खाना खाना बंद कर देते हैं या कम कर देते हैं तो इसकी वजह से बाल गिर सकते हैं.
बाल शरीर के लिए ऑप्शनल हैं. वे शरीर का कोई जरूरी काम नहीं करते हैं. जैसे ही शरीर को लगता है कि हम सुरक्षित नहीं हैं, वह बालों की तरफ कम ध्यान देता है. इसकी वजह से जो बाल उग रहे थे, उनका उगना बंद हो जाता है और उन्हें अच्छी सप्लाई नहीं मिल पाती है.
शैंपू से नहीं बल्कि हेयर डाई से हो सकती है समस्या
शैंपू को लेकर डॉ. पंखुड़ी बताती हैं कि शैंपू लगाने से बाल रुक जरूर सकते हैं, लेकिन उससे बाल गिर जाएं, ऐसा नहीं हो सकता है. हर शैंपू में केमिकल होता है और हर चीज में केमिकल होता है. शैंपू अपने आप में बालों को नहीं गिरा सकता है.
हालांकि, अगर आप हेयर डाई लगा रहे हैं और थोड़ी सी भी खुजली हो रही है तो इस बात का ध्यान देना चाहिए कि आपका शरीर उस चीज से रिएक्ट कर रहा है. कुछ लोगों को बालों में डाई लगाने के बाद बाल झड़ सकते हैं, लेकिन शैंपू से ऐसा नहीं होता है.



