Tech

पढ़ाई के लिए Google Chrome हुआ और स्मार्ट! Gemini वीडियो समझेगा, क्रोम आपके Notes से बनाएगा Quiz

गूगल ने छात्रों के लिए Chrome ब्राउजर में तीन नए फीचर्स पेश किए हैं. इनका मकसद पढ़ाई से जुड़े काम को मैनेज करना, टेस्ट की तैयारी करना और अलग-अलग डिवाइस पर काम को आसानी से जारी रखना है. नए अपडेट में Gemini in Chrome को ज्यादा तरह के ऑडियो और वीडियो समझने की क्षमता मिली है.

इसके अलावा Chrome अब खुले हुए टैब के कंटेंट से इंटरैक्टिव क्विज भी तैयार कर सकता है. वहीं, एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर टैब भेजने का फीचर भी पहले से ज्यादा बेहतर हो गया है.

अब YouTube के अलावा वीडियो और ऑडियो भी समझेगा Gemini

गूगल के मुताबिक, डेस्कटॉप पर Gemini in Chrome अब YouTube के अलावा दूसरी वेबसाइटों पर मौजूद ऑडियो और वीडियो को भी एनालाइज कर सकता है. छात्र इसका इस्तेमाल पॉडकास्ट, ऑनलाइन लेक्चर, दूसरे प्लेटफॉर्म के वीडियो और रिकॉर्डिंग के साथ कर सकते हैं.

कंटेंट चलाने के बाद Gemini उसमें मौजूद किसी खास जानकारी को खोज सकता है, जरूरी पॉइंट्स को हाइलाइट कर सकता है और मुश्किल हिस्सों को आसान तरीके से समझाने में मदद कर सकता है. इससे लंबे लेक्चर या स्टडी मटेरियल को दोबारा समझने में समय बच सकता है.

पढ़ाई के मटेरियल से खुद बनाएगा Interactive Quiz

Chrome में एक और नया फीचर खुले हुए टैब के कंटेंट से इंटरैक्टिव क्विज तैयार करता है. यह गूगल Docs में मौजूद नोट्स, रिसर्च पेपर और लेक्चर वीडियो जैसे कंटेंट के साथ काम कर सकता है.

Chrome स्टडी मटेरियल से जरूरी कॉन्सेप्ट पहचानकर उनसे जुड़े सवाल तैयार करता है. इससे छात्र पढ़े हुए टॉपिक को खुद टेस्ट कर सकते हैं. यह फीचर फिलहाल डेस्कटॉप पर अमेरिका और भारत में अंग्रेजी भाषा में रोलआउट किया जा रहा है. आने वाले महीनों में इसे दूसरे क्षेत्रों और मोबाइल डिवाइस तक भी पहुंचाया जाएगा.

डिवाइस बदलने पर वहीं से शुरू होगा काम

गूगल ने Chrome के टैब शेयरिंग फीचर को भी अपडेट किया है. अब लैपटॉप से फोन या फोन से लैपटॉप पर टैब भेजने पर Chrome उस टैब की मौजूदा स्थिति को बरकरार रख सकता है.

इसमें पेज की स्क्रॉल पोजिशन और अधूरे फॉर्म में भरी गई जानकारी भी शामिल है. यानी दूसरे डिवाइस पर टैब खोलने के बाद यूजर को दोबारा उसी जगह ढूंढने या फॉर्म फिर से भरने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

इसके अलावा Tab Groups से अलग-अलग कोर्स या प्रोजेक्ट के टैब व्यवस्थित किए जा सकते हैं. Split View में दो पेज साथ-साथ खोले जा सकते हैं, जबकि Paired Tabs से यह वर्कस्पेस दोबारा आसानी से खोला जा सकता है.

Chrome में Immersive Reading जैसे फीचर्स भी हैं, जो वेबपेज से गैर-जरूरी विजुअल हटाकर पढ़ना आसान बनाते हैं. यूजर फॉन्ट, लेटर स्पेसिंग और कॉन्ट्रास्ट भी बदल सकते हैं. Chrome वेबपेज को पढ़कर सुना सकता है, जबकि Android का AI Playback फीचर ऑनलाइन आर्टिकल को पॉडकास्ट जैसी बातचीत में बदल सकता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj