Sikar Road Project:रीको से बीकानेर बाइपास की राह हुई आसान, 450 मीटर सड़क का अटका काम अब होगा पूरा

Last Updated:September 28, 2026, 20:01 IST
Sikar Road Project: सीकर में रीको औद्योगिक क्षेत्र से बीकानेर बाइपास तक सीधी सड़क का रास्ता साफ हो गया है. वन विभाग ने 1.35 हेक्टेयर वन भूमि डायवर्जन के लिए स्टेज-1 क्लीयरेंस जारी कर दी है. करीब 450 मीटर लंबे और 100 फीट चौड़े लिंक रोड के बनने से भारी वाहनों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम होगी और ट्रैफिक दबाव घटने की उम्मीद है.
सीकर शहर में रीको औद्योगिक क्षेत्र से बीकानेर बाइपास तक सीधा कनेक्शन देने वाली सड़क का रास्ता अब साफ हो गया है. वर्ष 2018 से चल रही इस मांग पर वन विभाग ने स्टेज-1 क्लीयरेंस जारी कर दी है. स्मृति वन क्षेत्र से होकर गुजरने वाली इस सड़क के लिए 1.35 हेक्टेयर वन भूमि का डायवर्जन होगा. सड़क बनने के बाद रीको और बीकानेर हाईवे के बीच सीधा संपर्क हो सकेगा.
दरअसल, रीको से बाइपास को जोड़ने वाली सड़क का अधिकांश हिस्सा तैयार हो चुका था, लेकिन करीब 450 मीटर हिस्से में वन भूमि आने के कारण काम अटका हुआ था. इसी हिस्से के कारण रीको से बीकानेर बाइपास तक सीधा रास्ता नहीं बन पा रहा था. अब वन भूमि डायवर्जन की प्रक्रिया शुरू होने के बाद इस अधूरे हिस्से के निर्माण का रास्ता खुल गया है.
सहायक वन संरक्षक सौरभकुमार के अनुसार वन भूमि डायवर्जन की स्टेज-1 क्लीयरेंस जारी कर दी गई है. अब यूआईटी को वन विभाग की ओर से तय शर्तों को पूरा करना होगा. इसके बाद अंतिम स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. प्रथम चरण की मंजूरी के बाद यूआईटी ने डायवर्जन के लिए वन विभाग में 23 लाख रुपए भी जमा करा दिए हैं.
Add as Preferred Source on Google
प्रस्तावित सड़क स्मृति वन क्षेत्र में करीब 450 मीटर लंबी होगी और इसकी चौड़ाई 100 फीट रखी जाएगी. यानी सड़क बनने के बाद रीको औद्योगिक क्षेत्र को बीकानेर बाइपास से जोड़ने के लिए एक सीधा और चौड़ा लिंक तैयार होगा. उद्यमियों की ओर से इस कनेक्टिविटी की मांग वर्ष 2018 में उठाई गई थी. करीब आठ साल बाद अब परियोजना जमीन पर उतरने की स्थिति में पहुंची है.
अभी रीको औद्योगिक क्षेत्र में आने-जाने वाले ट्रक और ट्रोले कई बार शहर के मुख्य मार्गों का इस्तेमाल करते हैं. खासतौर पर जयपुर रोड और आसपास के हिस्सों में भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ने से ट्रैफिक दबाव रहता है. नया लिंक रोड तैयार होने पर इन वाहनों को शहर के अंदर से गुजरे बिना सीधे बीकानेर हाईवे की ओर जाने का विकल्प मिलेगा.
इसका असर सिर्फ रीको क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा. जयपुर रोड से बीकानेर हाईवे की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भी शहर के भीतरी हिस्सों में जाने की जरूरत कम होगी. इससे मुख्य मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव घटने और जाम की समस्या में राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर औद्योगिक क्षेत्र से रोजाना निकलने वाले मालवाहक वाहनों के लिए यह कनेक्टिविटी अहम मानी जा रही है.
बीकानेर बाइपास से सीधा संपर्क मिलने पर रीको की औद्योगिक इकाइयों तक कच्चा माल पहुंचाने और तैयार माल बाहर भेजने में सुविधा होगी. इससे परिवहन का समय और शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम हो सकती है. वन विभाग की अंतिम स्वीकृति और अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद निर्माण शुरू होगा.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
September 28, 2026, 20:01 IST



