टेस्ट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले 10 बल्लेबाज, 20 साल से अटूट है विश्व कीर्तिमान

होमखेलक्रिकेट
टेस्ट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले 10 बल्लेबाज
Last Updated:October 01, 2026, 09:09 IST
10 batsman Most hundreds in a calendar year in Test: क्रिकेट इतिहास में एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए सबसे बड़े मील के पत्थर जैसा है. साल 2006 में पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ ने एक साल में सबसे ज्यादा शतक ठोककर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया, जिसे आज तक कोई नहीं तोड़ सका है. उनके अलावा रिकी पोंटिंग, विवियन रिचर्ड्स, सचिन तेंदुलकर और गारफील्ड सोबर्स जैसे महान खिलाड़ियों ने भी अपने बल्ले की गूंज से दुनिया भर के गेंदबाजों में खौफ पैदा किया और रिकॉर्डों का अंबार लगाया. टेस्ट के 10 बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं जिन्होंने एक साल में सबसे ज्यादा शतक जड़े. एक कैलेंडर ईयर में टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले 10 बल्लेबाज.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर कुछ साल ऐसे आते हैं जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाते हैं. जब बात एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टेस्ट शतकों की आती है, तो कुछ महान बल्लेबाजों ने ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना आज भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए किसी सपने जैसा लगता है. साल 2006 से लेकर विभिन्न दशकों में दिग्गजों ने अपने बल्ले से रिकॉर्डों का अंबार लगाया है. इस लिस्ट में पाकिस्तान के मोहम्मद यूसुफ सहित भारत के मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का नाम भी दर्ज है.आइए जानते हैं उन 10 दिग्गज बल्लेबाजों मे बारे में जिन्होंने एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़े.
पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ (Mohammad Yousuf) का नाम इस लिस्ट में सबसे ऊपर आता है. उन्होंने साल 2006 में कमाल का प्रदर्शन करते हुए 11 मैचों की 19 पारियों में कुल 9 शतक जड़े. इस दौरान उन्होंने 1788 रन बनाए और उनका औसत 99.33 का रहा, जो यह साबित करता है कि उस साल उन्हें आउट करना दुनिया के किसी भी गेंदबाज के लिए सबसे कठिन काम था. उनके साथ उसी वर्ष ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी अपने नाम का डंका बजाया. पोंटिंग ने साल 2006 में 10 मैचों की 18 पारियों में 7 शतक लगाते हुए 1333 रन जोड़े, जिसमें उनका औसत 68.86 का रहा. पोंटिंग ने अपनी शानदार फॉर्म का परिचय देते हुए एक बार फिर साल 2003 में भी 11 मैचों की 18 पारियों में 6 शतक जड़े थे और उस वर्ष 1503 रन बनाए थे.
विवियन रिचर्ड्स और अरविंदा डी सिल्वा का शानदार प्रदर्शनक्रिकेट इतिहास के पन्नों को पलटें तो वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स (Viv Richards) का नाम पीछे नहीं रहता. साल 1976 में उन्होंने अपने तूफानी अंदाज से 11 मैचों की 19 पारियों में 7 शतक ठोके और कुल 1710 रन अपने नाम किए. उनका औसत 90.00 का रहा, जो उस दौर के गेंदबाजों के खौफ की कहानी बयां करता है. इसके साथ ही, श्रीलंका के स्टाइलिश बल्लेबाज अरविंदा डी सिल्वा ने साल 1997 में बेहतरीन बल्लेबाजी का मुजाहिरा किया. उन्होंने 11 मैचों की 19 पारियों में 7 शतक जड़े और 1220 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 76.25 का रहा.
सचिन तेंदुलकर का बेहतरीन क्लास और निरंतरताभारतीय क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने भी इस खास लिस्ट में अपनी जगह बनाई है. साल 2010 में तेंदुलकर ने परिपक्वता और क्लास का बेहतरीन उदाहरण देते हुए 14 मैचों की 23 पारियों में 7 शतक जड़े और कुल 1562 रन बनाए. उनका औसत 78.10 का रहा, जो उनकी लंबी और निरंतर फॉर्म को दर्शाता है.
गारफील्ड सोबर्स और डेनिस कॉम्पटन के ऐतिहासिक रिकॉर्डइतिहास में पीछे जाएं तो वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर गारफील्ड सोबर्स ने साल 1958 में शानदार खेल दिखाया. उन्होंने 8 मैचों की 13 पारियों में 6 शतक बनाए और 1299 रन जोड़े. उनका औसत 144.33 का रहा, जो इस पूरी सूची में सबसे हैरतअंगेज आंकड़ों में से एक है. इसी तरह, इंग्लैंड के डेनिस कॉम्पटन ने साल 1947 में 9 मैचों की 15 पारियों में 6 शतक लगाकर 1592 रन बनाए और उनका औसत 82.78 का रहा.
मैथ्यू हेडन और तिलकरत्ने दिलशान का आक्रामक अंदाजऑस्ट्रेलिया के खूंखार ओपनर मैथ्यू हेडन (Mathew Hayden) ने साल 2002 में अपने आक्रामक खेल से तहलका मचाया. उन्होंने 11 मैचों की 17 पारियों में 6 शतक जड़े और 1160 रन बनाए, जिसमें उनका औसत 72.50 का रहा. श्रीलंका के विकेटकीपर-बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान ने भी साल 2009 में कमाल करते हुए 11 मैचों की 18 पारियों में 6 शतक लगाए और 1097 रन बटोरे.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 01, 2026, 09:09 IST



