लोग कहते थे ‘तू भीख मांगेगा’, मां कहती थी ‘तू बड़ा नाम कमाएगा’, बौनेपन के तानों से टूटा एक्टर फिर बदला मुकद्दर

Last Updated:October 01, 2026, 10:26 IST
KK Goswami Bullied Due To Dwarfism: किस्मत ने बचपन से ही इस एक्टर का इम्तिहान लिया. कद को लेकर लोगों ने खूब ताने मारे। कोई मजाक उड़ाता तो कोई भविष्य को लेकर डराता. पड़ोसियों तक ने कह दिया था कि बड़ा होकर इसे भीख मांगनी पड़ेगी. लेकिन मां को अपने बेटे पर पूरा भरोसा था. वह कहती थीं कि एक दिन यही बच्चा बड़ा नाम कमाएगा. इन बातों के बीच उसने सपने देखना नहीं छोड़ा. मुंबई पहुंचा तो वहां भी संघर्ष कम नहीं था. कई दिन भूखे रहना पड़ा. छोटे-छोटे किरदार मिले. मगर एक वक्त ऐसा आया, जब वही चेहरा घर-घर पहचाना जाने लगा.
नई दिल्ली. कुछ लोगों के लिए जिंदगी की सबसे बड़ी लड़ाई दुनिया से नहीं, बल्कि लोगों की सोच से होती है. जब कोई इंसान अपने सपनों को सच करने निकलता है, तो रास्ते में उसे हौसला देने वाले कम और हंसने वाले ज्यादा मिलते हैं. ऐसा ही कुछ एक्टर केके गोस्वामी के साथ भी हुआ. ‘विकराल और गबराल’, ‘शक्तिमान’, ‘शाका लाका बूम बूम’, ‘गुटुर गू’ और ‘सीआईडी’ जैसे सुपरहिट टीवी शोज से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाले एक्टर केके गोस्वामी आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. आज लोगों के बीच में खास जगह बनाने वाले केके गोस्वामी को छोटा कद होने की वजह से बचपन से ही ताने सुनने पड़े.लोग उनका मजाक उड़ाते थे. यहां तक कि पड़ोसियों ने उनके परिवार से कह दिया था कि बड़ा होकर वह भीख मांगकर गुजारा करेंगे. लेकिन, इन बातों के बीच उनकी मां का भरोसा कभी नहीं टूटा. वह बेटे से कहती थीं कि एक दिन वह बड़ा नाम कमाएगा. मां की यही बात उनके लिए हिम्मत बनी. फिर उन्होंने मुंबई का रुख किया और सपनों की इस नगरी में अपनी अलग पहचान बनाने की ठान ली. फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
केके गोस्वामी आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. लेकिन इस सफलता के पीछे जो दर्द, अपमान और संघर्ष छिपा है, वह किसी की भी आंखों में आंसू ला सकता है. हाल ही में ‘द पॉडकास्टिंग काउच’ के साथ बातचीत में केके गोस्वामी ने अपने जीवन के अनसुने पन्नों को खोला है. उन्होंने बताया कि कैसे बौनेपन के कारण उन्हें बचपन से लेकर करियर तक हर कदम पर ताने मिले, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी. फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले केके गोस्वामी ने बताया कि उनके बड़े होने का सफर बेहद कठिन था. छठी क्लास तक उन्हें अहसास ही नहीं हुआ कि वे दूसरों से अलग हैं, लेकिन हाई स्कूल और कॉलेज पहुंचते ही बुलिंग शुरू हो गई. लोग उन्हें कंधों पर उठाकर भागते, कान मरोड़ते और मजाक बनाते थे. फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
Add as Preferred Source on Google
पड़ोसियों के रवैये को याद करते हुए उन्होंने बताया कि हमारे पड़ोसी मेरी लंबाई का मजाक उड़ाते थे और मेरे माता-पिता से कहते थे कि इस कद के साथ इसे जिंदगी जीने के लिए भीख मांगनी पड़ेगी. हालांकि, उनकी मां को उन पर पूरा भरोसा था. जब वे 1992 में हीरो बनने का सपना लेकर मुंबई आए, तब भी लोगों ने उनका खूब मजाक उड़ाया.शुरुआती तीन सालों में उन्होंने कई दिन भूखे पेट गुजारा किया. फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
लेकिन कहते हैं न मेहनत का फल जरूर मिलता है. साल 1995 में विवेक अग्निहोत्री ने उन्हें अपने शो ‘वाओ’ में काम दिया. इसके बाद संगीतकार बप्पी लहरी उन्हें अपने टूर्स पर ले जाने लगे. केके ने बताया, ‘बप्पी दा मुझे ‘मिनी बॉन्ड’ कहते थे और हर शो के 500 से 2000 रुपये देते थे, जो उस जमाने में आज के 25 से 50 हजार रुपये के बराबर थे.’ फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
इसके बाद 2001 में आए शो ‘जूनियर जी’ में उन्हें मुख्य विलेन का रोल मिला, जिसके बाद ‘शक्तिमान’, ‘सोना परी’ और ‘शका लाका बूम बूम’ जैसे शोज की लाइन लग गई. ‘शक्तिमान’ के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उनके पास सिर्फ एक डायलॉग होता था- ‘अंधेरा कायम रहे’. जब उन्होंने ज्यादा डायलॉग्स मांगे तो मेकर्स हंसने लगे, लेकिन उनके बोलने पर उन्हें और सीन्स दिए गए. उनका असली सपना 2003 में ‘विकराल और गबराल’ से पूरा हुआ, जहां उन्होंने लीड हीरो (गबराल) का किरदार निभाया. फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
बॉलीवुड में बौनेपन से पीड़ित कलाकारों को मिलने वाले रोल्स पर निराशा जाहिर करते हुए केके गोस्वामी ने कहा, ‘हॉलीवुड में हमारे जैसे कलाकार सुपरस्टार हैं, उन्हें बहुत बड़े और दमदार रोल्स मिलते हैं. लेकिन बॉलीवुड में हमारे लिए रोल नहीं लिखे जाते. उल्टे आम कलाकारों के पैर बांधकर उन्हें छोटा दिखाया जाता है. जैसे शाहरुख खान ने ‘जीरो’ फिल्म में किया, उन्होंने हमारे जैसे किसी कलाकार का रोल छीन लिया. वे कोई दूसरा रोल कर सकते थे.’ उन्होंने सुपरस्टार सलमान खान की जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया, ‘जब मैं सलमान खान से मिला और कहा कि ‘मैं आपके जैसा फेमस बनना चाहता हूं’ तो उन्होंने मुस्कुराकर मुझे अपनी कई फिल्मों में रोल्स ऑफर किए. यह अलग बात है कि उनकी टीम जब भी संपर्क करती तो मैं शहर से बाहर होता था.’ फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
केके गोस्वामी की पर्सनल लाइफ भी दुखों से भरी रही. संघर्ष के दिनों में एक लड़की से उन्हें प्यार हुआ, लेकिन जब उन्होंने इजहार किया तो उसने उनके कद का भयानक मजाक उड़ाकर रिजेक्ट कर दिया. इस घटना ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया. इसके बाद जब उनके पिता ने दो बार उनकी शादी तय की तो रिजेक्शन और शर्मिंदगी के डर से उन्होंने दोनों बार बहाना बनाकर शादी कैंसिल करवा दी. आखिरकार, तीसरी बार उनके पिता ने गांव बुलाकर बिना बताए 4 दिनों के भीतर मंदिर में उनकी शादी कराई. मंदिर में भीड़ जमा होने पर पुलिस को शक हुआ कि लड़की से जबरदस्ती शादी कराई जा रही है. तब उनकी पत्नी ने खुद पुलिस के सामने बयान दिया कि वे केके गोस्वामी को पसंद करती हैं. फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
आज केके गोस्वामी दो बेटों के पिता हैं. बड़ा बेटा आईएएस अफसर बनना चाहता है और छोटा वैज्ञानिक. जब वे सड़कों पर कार चलाते हैं तो लोग हैरान रह जाते हैं. केके गोस्वामी अब जल्द ही एक बड़े प्रोजेक्ट में नजर आने वाले हैं. वे ‘तुम्बाड’ फिल्म के मेकर्स की आगामी वेब सीरीज में पंकज त्रिपाठी और कुणाल खेमू के साथ अहम भूमिका में दिखेंगे. फोटो साभार-@k_k_goswami_actor/Instagram
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 01, 2026, 10:26 IST



