Sikar News: बाबा श्याम के दरबार पहुंचे बॉलीवुड एक्टर सुदेश बेरी, विधिवत पूजा कर लिया आशीर्वाद

Last Updated:October 04, 2026, 11:21 IST
khatushyam Ji: बॉलीवुड अभिनेता सुदेश बेरी खाटूश्यामजी पहुंचे और बाबा श्याम के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया. मंदिर कमेटी ने उनका पारंपरिक स्वागत कर बाबा श्याम का दुपट्टा और स्मृति चिह्न भेंट किया.
सीकर. विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. आम श्रद्धालुओं के साथ राजनीति, खेल, फिल्म और उद्योग जगत की नामी हस्तियां भी समय-समय पर बाबा श्याम के दर्शन करने खाटूधाम पहुंचती रहती हैं. इसी कड़ी में बॉलीवुड के अभिनेता सुदेश बेरी खाटूश्यामजी पहुंचे, उन्होंने बाबा श्याम के पवित्र दरबार में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया.
मंदिर पहुंचने पर श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से सुदेश बेरी का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान एवं श्याम परिवार की ओर से नरेंद्र सिंह चौहान ने उनका स्वागत किया. इसके बाद सुदेश बेरी ने मंदिर में बाबा श्याम के दर्शन किए और गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर शीश नवाया. इस दौरान उन्होंने बाबा श्याम से खुशहाली की प्रार्थना की.
बाबा श्याम का दुपट्टा और प्रतीक चिह्न भेंट किया
दर्शन के बाद मंदिर कमेटी की ओर से सुदेश बेरी को बाबा श्याम का पावन दुपट्टा और प्रतीक चिह्न भेंट किया गया. उन्हें बाबा श्याम का स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया. मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को जैसे ही बॉलीवुड अभिनेता के पहुंचने की जानकारी मिली, उन्हें देखने के लिए लोगों में उत्सुकता नजर आई. सुदेश बेरी ने बाबा श्याम के दर्शन को लेकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की. उन्होंने कहा कि खाटूश्यामजी आकर बाबा के दर्शन करना उनके लिए बेहद खास अनुभव है. बाबा श्याम की महिमा देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक पहुंच चुकी है. उन्होंने कहा कि बाबा के दरबार में पहुंचकर मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है.
सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचते हैं
श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान ने बताया कि खाटूश्यामजी धाम में देशभर से जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, अभिनेता और अन्य विशिष्ट अतिथि बाबा श्याम के दर्शन करने पहुंचते रहते हैं. मंदिर कमेटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाता है. उन्होंने कहा कि कमेटी का प्रयास रहता है कि आम श्रद्धालु हो या विशिष्ट अतिथि, सभी को सुगम और व्यवस्थित तरीके से बाबा श्याम के दर्शन हो सकें. खाटूश्यामजी मंदिर की प्रसिद्धि राजस्थान के साथ देश-विदेश तक है. बाबा श्याम को हारे का सहारा माना जाता है. यही वजह है कि सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचते हैं और बाबा श्याम के दरबार में अपनी आस्था प्रकट करते हैं. सुदेश बेरी का खाटूश्यामजी पहुंचना भी इसी आस्था और श्रद्धा से जुड़ा रहा.
जानिए कौन है बाबा श्याम
बाबा श्याम को हारे का सहारा कहा जाता है और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण का अवतार माना जाता है. महाभारत युद्ध के दौरान भीम के पौत्र बर्बरीक कौरवों की ओर से युद्ध में उतरने जा रहे थे, तभी भगवान श्रीकृष्ण ने ब्राह्मण वेश में उनसे शीश दान मांगा. बर्बरीक ने बिना झिझक भगवान कृष्ण को अपना शीश दान कर दिया. इससे प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने वरदान दिया कि कलियुग में उन्हें श्याम नाम से पूजा जाएगा और वे हारे हुए लोगों के सहारा बनेंगे. तभी से बाबा श्याम भक्तों के बीच हारे के सहारे के नाम से पूजे जाते हैं.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Sikar,Rajasthan
First Published :
October 04, 2026, 11:21 IST



