‘गोल्ड मेडल थाली में परोसकर नहीं मिला…’ पाकिस्तान को पस्त करने के बाद संजू सैमसन के तेवर हुए तल्ख

होमखेलक्रिकेट
‘गोल्ड मेडल थाली में परोसकर नहीं मिला…’ संजू सैमसन के तेवर हुए तल्ख
Last Updated:October 04, 2026, 12:40 IST
Sanju Samson reaction: संजू सैमसन ने पाकिस्तान पर रोमांचक जीत के बाद साफ किया है कि टीम इंडिया को एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक आसानी से नहीं मिला. उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबला बेहद कड़ा था और इसके लिए खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत करनी पड़ी. पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी भिड़ंत में टीम के अनुभव ने अहम भूमिका निभाई, जिससे दबाव की स्थिति से निपटने में मदद मिली. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में पाकिस्तानी टीम ने भी कड़ी टक्कर दी.पाकिस्तान पर जीत के बाद संजू सैमसन ने क्यों कहा ऐसा.
नागोया. विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन का कहना है कि भारत को एशियाई खेलों में मेंस क्रिकेट का गोल्ड मेडल ‘थाली में परोसकर’ नहीं मिला. संजू ने अनुभवी खिलाड़ियों की ‘ए’ टीम को उतारने से पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक फाइनल में दबाव से निपटने में मदद मिली. भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रन से हराकर महाद्वीपीय प्रतियोगिता में पुरुष क्रिकेट का स्वर्ण पदक बरकरार रखा.
संजू सैमसन (Sanju Samson) ने मैच के बाद कहा, ‘हमारे पास काफी अनुभवी टीम थी. यहीं अनुभवी खिलाड़ियों का अनुभव काम आता है. हमें पता था कि अपनी ऊर्जा को कैसे संभालना है, खुद को कैसे प्रेरित और एकाग्र रखना है, भले ही अभ्यास या मैच नहीं हो रहे हों.’ भारत को नियमित टी20 खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के फैसले से इस बड़े मुकाबले में दमखम और संयम के साथ खेलने में मदद मिली.
सैमसन ने कहा, ‘ए’ टीम को लाना वास्तव में काफी मददगार रहा और पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में भी यही देखने को मिला. मुझे लगता है कि यह सभी के लिए एक बढ़िया मुकाबला था.’ भारत ने अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के अर्धशतकों की मदद से छह विकेट पर 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम रोमांचक फाइनल में छह विकेट पर 192 रन ही बना सकी.
हालांकि, फाइनल एकतरफा मुकाबला नहीं रहा. बल्लेबाजी के लिए अनुकूल पिच पर पाकिस्तान के आक्रामक जवाब ने आखिरी चरण तक मुकाबले में रोमांच बनाए रखा. सैमसन ने कहा, ‘आखिरकार हमें एक अच्छा मैच खेलने को मिला.पहली पारी में हमने 200 रन बनाए और लगा कि दूसरी पारी पाकिस्तान के लिए मुश्किल हो सकती है लेकिन विकेट अच्छा था और उन्होंने भी अच्छी बल्लेबाजी की। सभी को एक अच्छा फाइनल देखने को मिला.’
भारतीय विकेटकीपर ने कहा, ‘हमें स्वर्ण पदक थाली में परोसा हुआ नहीं मिला. इसके लिए हमें कड़ी मेहनत करनी पड़ी. इससे यह जीत और भी संतोषजनक हो जाती है और हम सभी खुश हैं.’ सैमसन ने माना कि टीम इस मुकाबले की अहमियत से वाकिफ थी लेकिन खिलाड़ियों ने इस बड़े अवसर को अपने खेलने के तरीके पर हावी नहीं होने दिया.
संजू ने कहा, ‘निश्चित रूप से यह हम सभी के लिए अपने देश का एशियाई खेलों के फाइनल में प्रतिनिधित्व करने का बड़ा अवसर और बड़ा मुकाबला था.’ सैमसन ने कहा, ‘मैच से पहले और बाद में ऐसा ही होता है. लेकिन एक बार मैच शुरू हो जाने के बाद हम मुकाबले की मांग और मैच की परिस्थितियों के मुताबिक खेलते हैं.’
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 04, 2026, 12:40 IST



