Tonk Stabbing Case: टोंक में पार्टी के दौरान खूनी खेल, पूछताछ करने पहुंचे लोगों पर चाकू से हमला, एक जयपुर रेफर

Last Updated:October 13, 2026, 12:49 IST
Tonk Stabbing Case: टोंक में शंकरपुरा चौराहे पर एक मकान में चल रही पार्टी के दौरान विवाद के बाद चाकूबाजी हो गई, हमले में तीन युवक घायल हुए, जिनमें से एक को गंभीर हालत में जयपुर रेफर किया. पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत तीन युवक फरार हैं। मौके से तलवार सहित अन्य हथियार बरामद हुए.
टोंक. देर रात एक मकान में पार्टी कर रहे युवक-युवतियों को लेकर विवाद हो गया. शंकरपुरा चौराहे पर स्थित एक मकान में युवक-युवतियों की मौजूदगी और कथित अवैध गतिविधियों की आशंका के बाद स्थानीय लोग जानकारी लेने पहुंचे थे. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और पार्टी कर रहे लवेश शर्मा ने कथित तौर पर तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया. चाकूबाजी की घटना में तीन युवक घायल हो गए, घटना के बाद इलाके में हंगामा मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए.
जानकारी के अनुसार, देर रात मकान में युवक-युवतियों के मौजूद होने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों ने वहां पहुंचकर पूछताछ की. इस दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया. हमले में रामेश्वर सैनी, संजय सैनी और शानू घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घायलों में रामेश्वर सैनी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया. वहीं, संजय सैनी को सात टांके आए हैं, जबकि शानू के हाथ में चोट लगी है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई.
मौके पर पहुंची पुलिस, दो युवक गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर सीओ सिटी मृत्युंजय मिश्रा, कोतवाली इंचार्ज भंवर लाल वैष्णव सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से छह युवतियों और दो युवकों को पकड़कर थाने पहुंचाय. हालांकि, मुख्य आरोपी लवेश शर्मा समेत तीन युवक मौके से फरार हो गए. पुलिस ने पूछताछ के बाद विशाल सैनी और कृष्ण भट्ट को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, पकड़ी गई सभी युवतियों से पूछताछ करने के बाद उन्हें छोड़ दिया. पुलिस ने घटनास्थल से तलवार समेत अन्य हथियार भी बरामद किए हैं. स्थानीय लोगों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस की कार्रवाई से नाराज स्थानीय लोग
घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. स्थानीय लोग युवक-युवतियों की मौजूदगी और कथित गतिविधियों की भी जांच करने की मांग कर रहे हैं. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पढ़ने वाले युवक-युवतियों की पार्टी के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अब मामले में फरार आरोपियों की तलाश और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाना पुलिस के सामने चुनौती है.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंFirst Published :
October 13, 2026, 12:49 IST



