शादीशुदा धर्मेंद्र संग क्यों किया शादी का फैसला? हेमा मालिनी ने जवाब से जीत लिया था दिल- ‘पहली नजर का प्यार था’

Last Updated:October 16, 2026, 16:37 IST
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी का रिश्ता गहरा ही नहीं, बहुत जटिल भी था. ड्रीम गर्ल के पुराने बयानों से पता चलता है कि उन्होंने कैसी मुश्किलों के बीच धर्मेंद्र के साथ अपने रिश्ते को संभाला था, जिस पर लोगों की हर वक्त पैनी नजर रहती थी. उन्होंने सौतन प्रकाश कौर के रहते हुए धर्मेंद्र से न सिर्फ शादी की, बल्कि उनकी दो बेटियों की मां भी बनीं. ड्रीम गर्ल ने कैसे शादीशुदा धर्मेंद्र के साथ अपने प्यार को मुमकिन बनाया था, इसके बारे में उन्होंने एक इंटरव्यू में खुलकर बात की थी.
नई दिल्ली: हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की जोड़ी ऑफ-स्क्रीन भी सुपरहिट थी. वे पहली दफा 1970 में धर्मेंद्र से फिल्म ‘तुम हसीन मैं जवान’ के सेट पर मिली थीं. दोनों ने साथ में ‘शोले’, ‘सीता और गीता’ जैसी कई हिट फिल्में दीं. धर्मेंद्र शादीशुदा थे और चार बच्चों के पिता थे, फिर भी हेमा मालिनी ने उनकी ओर खास खिंचाव महसूस किया. सेट पर बढ़ी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. वह पहली नजर का प्यार था, जिसे बाद में ड्रीमगर्ल ने एक इंटरव्यू में कुबूल भी किया. हेमा मालिनी-धर्मेंद्र ने फिर 1980 में शादी कर ली थी. (फोटो साभार: File Photo)
हेमा मालिनी ने बाद में दिग्गज अभिनेता के लिए अपनी भावनाओं का इजहार किया. एक्ट्रेस ने बताया था कि वे पहली बार धर्मेंद्र को कब देखा और उनका रिश्ता कैसे आगे बढ़ा था. हेमा मालिनी से जब ‘आईटीएमबी’ शो मे पूछा गया कि ऐसी मुश्किल हालात के बावजूद उन्होंने धर्मेंद्र से शादी करने का फैसला क्यों लिया, तो उन्होंने बताया कि कैसे प्यार ने उनके फैसलों को दिशा दी. (फोटो साभार: File Photo)
हेमा मालिनी ने कहा था, ‘जब आप प्यार में होते हैं, तो आपको दाएं या बाएं कुछ नहीं दिखता. आप बस किसी के प्यार में पड़ जाते हैं और आगे बढ़ जाते हैं. यह बस पहली नजर का प्यार था और कुछ नहीं.’ उन्होंने माना कि धर्मेंद्र के लुक्स ने तुरंत उनका ध्यान खींच लिया था, हालांकि उनके लिए प्यार और सम्मान वक्त के साथ गहरा होता गया. (फोटो साभार: File Photo)
Add as Preferred Source on Google
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को लेकर कहा, ‘जब मैंने उन्हें पहली बार देखा, तो मैंने कभी इतना हैंडसम आदमी नहीं देखा था. वह बहुत ही शानदार और अच्छे दिखने वाले शख्स थे. इस बात ने मुझ पर असर डाला. बाद में मैं उनकी और भी ज्यादा कद्र करने लगीं. लेकिन वह असल में मुझे रिझाने की कोशिश कर रहे थे. वह भी मेरी तरफ आकर्षित थे.’ (फोटो साभार: File Photo)
हेमा मालिनी ने एक बार धर्मेंद्र से कहा था कि उन्हें उनसे शादी करनी होगी. जबकि, वे जानती थीं कि उन्हें किस तरह की मुश्किलों का सामना करना होगा. वे एक रूढ़िवादी तमिल परिवार से ताल्लुक रखती हैं. वे जानती थीं कि इस रिश्ते पर सवाल उठेंगे, खासकर इसलिए क्योंकि धर्मेंद्र पहले से ही प्रकाश कौर से शादीशुदा थे और उनके चार बच्चे थे. (फोटो साभार: File Photo)
हेमा मालिनी को धर्मेंद्र से कोई भौतिक सुख-सुविधा नहीं चाहिए थी. वे सिर्फ उनका प्यार और साथ चाहती थीं. उन्होंने कहा था, ‘एक समय ऐसा आया जब मुझे उनसे कहना पड़ा- अब आपको मुझसे शादी कर लेनी चाहिए. आप इस तरह से आगे नहीं बढ़ सकते. मुझे पता था कि थोड़ी दिक्कतें आएंगी, लेकिन मुझे उनसे और कुछ नहीं चाहिए था, बस उनका प्यार. वह हमेशा मेरे साथ खड़े रहते हैं, तो मुझे और क्या चाहिए? मुझे उनसे कोई संपत्ति, पैसा या कुछ और नहीं चाहिए. मुझे बस थोड़ा सा प्यार चाहिए. बस इतना ही.’ (फोटो साभार: File Photo)
हेमा मालिनी ने बताया कि उन्होंने धर्मेंद्र से शादी करने के बाद अलग रहने का फैसला किया, क्योंकि वह उनके पारिवारिक जीवन में कोई खलल नहीं डालना चाहती थीं. धर्मेंद्र ने पहली शादी 1954 में प्रकाश कौर से 19 साल की उम्र में की थी. वे तब हिंदी सिनेमा के स्टार नहीं थे. एक्टर के पहली शादी से चार बच्चे थे- सनी देओल, बॉबी देओल, अजीता देओल और विजेता देओल. हेमा मालिनी से धर्मेंद्र की दो बेटियां हुईं- ईशा देओल और अहाना देओल. (फोटो साभार: File Photo)
इन दोनों कलाकारों ने 1980 में शादी कर ली. उनकी शादी ने काफी ध्यान खींचा क्योंकि धर्मेंद्र पहले से ही प्रकाश कौर से शादीशुदा थे. उस समय ऐसी खबरें आई थीं कि धर्मेंद्र और हेमा ने मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत शादी करने के लिए इस्लाम अपना लिया था, हालांकि बाद में धर्मेंद्र ने धर्म परिवर्तन की इस बात से इनकार कर दिया था. इस जोड़े ने एक पारंपरिक अयंगर समारोह भी आयोजित किया, जो हेमा की तमिल विरासत को दर्शाता था. (फोटो साभार: File Photo)
प्रकाश कौर ने 1981 में ‘स्टारडस्ट’ को दिए इंटरव्यू में धर्मेंद्र और हेमा मालिनी के रिश्ते को लेकर चर्चाओं पर बात की. उन्होंने अपने पति का बचाव किया और उन लोगों को कड़ा जवाब दिया जो उनके फैसलों पर सवाल उठा रहे थे. उन्होंने कहा, ‘सिर्फ मेरे पति ही क्यों, कोई भी आदमी मेरे बजाय हेमा को ही चुनता. किसी की हिम्मत कैसे हुई मेरे पति को ‘वुमनाइजर’ कहने की, जबकि पूरी इंडस्ट्री में आधे लोग यही सब कर रहे हैं?’ धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को मुंबई में 89 साल की आयु में निधन हो गया. बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर इस दिग्गज अभिनेता ने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में काम किया था. (फोटो साभार: File Photo)
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
October 16, 2026, 16:37 IST



