‘किंग’ ने रिलीज से पहले रचा इतिहास, 175 करोड़ में बिके ओवरसीज राइट्स, शाहरुख खान ने सेट किया नया रिकॉर्ड

Last Updated:October 31, 2026, 23:16 IST
सुपरस्टार शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म ‘किंग’ ने रिलीज से पहले ही इतिहास रच दिया है. फिल्म के ओवरसीज थियेट्रिकल राइट्स 175 करोड़ रुपये में बिके हैं, जो भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी विदेशी डील मानी जा रही है. हालांकि, डिस्ट्रीब्यूटर को अपनी लागत वसूलने फिल्म को अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर करीब 350 से 375 करोड़ रुपये का कलेक्शन करना होगा. ‘किंग’ इसी साल क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों मे दस्तक देगी.
ख़बरें फटाफट
क्रिसमस के मौके पर रिलीज होगी शाहरुख खान की ‘किंग’. (फोटो: IMDb)
नई दिल्ली. सुपरस्टार शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. अब इस मूवी को लेकर बड़ा अपडेट आया है. खबर है कि सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही इस मूवी इतिहास रच दिया है. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में तैयार हो रही इस फिल्म के ओवरसीज थियेट्रिकल राइट्स को रिकॉर्डतोड़ कीमत पर बेचा गया है. फार्स फिल्म्स ने बड़ी 175 करोड़ रुपये में इसके इंटरनेशनल राइट्स खरीदे हैं. भारतीय सिनेमा के इतिहास में किसी भी फिल्म के लिए विदेशों में हुई यह अब तक की सबसे बड़ी डील मानी जा रही है.
‘किंग’ को मिली इतनी बड़ी डील ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ओवरसीज मार्केट में शाहरुख खान का दबदबा आज भी बरकरार है. हालांकि, मिनिमम गारंटी का यह अमाउंट इतना बड़ा है कि डिस्ट्रीब्यूटर्स को अपनी लागत वसूलने और मुनाफा कमाने के लिए फिल्म किंग का विदेशी बॉक्स ऑफिस पर बेहद शानदार प्रदर्शन करना होगा. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, फार्स फिल्म्स ने शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ के ओवरसीज थियेट्रिकल राइट्स 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी पर खरीदे हैं.
फार्स फिल्म्स ने प्रभास की ‘साहो’ को किया था रिलीज
आम तौर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शाहरुख खान की फिल्मों के डिस्ट्रीब्यूशन का जिम्मा ‘यश राज फिल्म्स’ संभालता आया है, जिसने उनकी ब्लॉकबस्टर ‘पठान’ और ‘जवान’ को ओवरसीज मार्केट में डिस्ट्रीब्यूट किया था. हालांकि, फार्स फिल्म्स पहले भी वाईआएफ के साथ पार्टनरशिप में काम कर चुका है और प्रभास की ‘साहो’ जैसी बड़ी फिल्मों को भी ओवरसीज मार्केट में रिलीज कर चुका है.
इंडियन फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी डील
खास बात है कि 175 करोड़ रुपये का यह आंकड़ा किसी भी भारतीय फिल्म के लिए विदेशी राइट्स की अब तक की सबसे बड़ी डील मानी जा रही है. इससे पहले ऐसी डील्स आमतौर पर 100 करोड़ रुपये के आंकड़े के नीचे ही सिमट जाती थीं. इतनी बड़ी मिनिमम गारंटी मिलने के बाद अब ‘किंग’ के सामने ओवरसीज बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन करने की बड़ी चुनौती होगी. ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूटर्स को किसी भी फिल्म की कुल कमाई का लगभग आधा हिस्सा ही मिलता है. अगर इसी तरह हिसाब लगाएं, तो डिस्ट्रीब्यूटर को अपनी लागत वसूल करने के लिए ‘किंग’ को विदेशों में कम से कम 350 से 375 करोड़ का कारोबार करना ही पड़ेगा.
विदेशों में शाहरुख खान की फिल्मों ने जमकर की कमाई
हालांकि, शाहरुख खान के लिए यह कोई नामुमकिन बात नहीं है. उनकी ‘पठान’ और ‘जवान’ ने ओवरसीज मार्केट में करीब 400-400 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया था. यही वजह है कि डिस्ट्रीब्यूटर्स ने ‘किंग’ पर इतना बड़ा दांव खेला है. लेकिन इस डील के बाद अब ‘किंग’ से उम्मीदें और भी ज्यादा बढ़ गई हैं और इसे अपनी कमाई के मामले में ‘पठान’ और ‘जवान’ वाले स्तर को छूना ही होगा.
दूसरी बार बनी है शाहरुख खान-सिद्धार्थ आनंद की जोड़ी
बताते चलें कि ‘पठान’ की सफलता के बाद शाहरुख खान और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद एक बार फिर ‘किंग’ के लिए साथ आए हैं. फिल्म की स्टारकास्ट बेहद शानदार है. इसमें दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, राघव जुयाल और सौरभ शुक्ला जैसे सितारे अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं. हालांकि, इस फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण शाहरुख खान का अपनी बेटी सुहाना खान के साथ पहली बार स्क्रीन शेयर करना है. किंग इसी साल दिसंबर महीने में सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
October 31, 2026, 23:16 IST



