Shahi Sama Paneer Pulao Recipe: समा के चावल और पनीर का शाही संगम, 15 मिनट की तैयारी में घर पर बनाएं लाजवाब डिश

Last Updated:October 31, 2026, 09:48 IST
Shahi Sama Paneer Pulao Recipe: नागौर के फूड एक्सपर्ट रीना शर्मा ने शाही समा-पनीर पुलाव बनाने की आसान विधि साझा की है. समा के चावल, 200 ग्राम पनीर, उबले आलू, देसी घी, काजू-बादाम और केसर से तैयार होने वाला यह पुलाव स्वाद और पोषण में लाजवाब है. इसे 15 मिनट की तैयारी के बाद आसानी से घर पर बनाया जा सकता है. केसर, काली मिर्च और भुने मेवों का स्वाद इसे खास बनाता है. इसे व्रत और त्योहारों के अवसर पर दही या व्रत की चटनी के साथ परोसा जा सकता है.
ख़बरें फटाफट
Nagaur: अगर आप कुछ अलग, स्वादिष्ट और पौष्टिक खाना चाहते हैं तो ‘शाही समा-पनीर पुलाव’ एक बेहतरीन और शाही विकल्प है. समा के चावल, पनीर, उबले आलू और मेवों (ड्राय फ्रूट्स) के संयोजन से तैयार होने वाला यह व्यंजन स्वाद और पोषण दोनों में ही लाजवाब होता है. इसमें देसी घी, केसर, काजू और बादाम का इस्तेमाल इसे खास शाही स्वाद और खुशबू प्रदान करता है. इस रेसिपी की सबसे खास बात यह है कि इसे बेहद कम समय में घर पर ही बहुत आसानी से तैयार किया जा सकता है, जिससे यह व्रत और त्योहारों के दौरान एक पसंदीदा डिश बन जाता है.
फूड एक्सपर्ट रीना शर्मा के अनुसार, शाही समा-पनीर पुलाव बनाने के लिए 15 मिनट तैयारी में और लगभग 25 मिनट पकाने में लगते हैं. इसे बनाने के लिए आपको 1 कप समा के चावल, 200 ग्राम पनीर, 2 मध्यम आकार के उबले आलू, 2 बड़े चम्मच देसी घी, 10 काजू, 8 बादाम, 2 बड़े चम्मच मूंगफली, 1 छोटा चम्मच बारीक कटा अदरक, 1 छोटी हरी मिर्च, जीरा, सेंधा नमक, काली मिर्च पाउडर, 8-10 केसर के रेशे और 2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया चाहिए.
शाही समा-पनीर पुलाव बनाने की विधि
सबसे पहले समा के चावलों को पानी से अच्छी तरह साफ करके धो लें और करीब 10 मिनट के लिए भिगोकर रख दें. इसके बाद पनीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. एक कढ़ाही में थोड़ा देसी घी गर्म करें और पनीर के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक सेंककर अलग निकाल लें. इसी तरह काजू और बादाम को भी घी में हल्का भूनकर प्लेट में रख लें. अब बची हुई कढ़ाही के घी में जीरा, बारीक कटा अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भूनें. इसके बाद उबले आलू के टुकड़े डालकर कुछ देर अच्छी तरह भूनें. फिर भीगे हुए समा के चावल मिलाकर हल्के हाथों से चलाएं. इसमें स्वादानुसार सेंधा नमक और आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर उबाल आने दें. उबाल आने के बाद आंच धीमी करके ढककर 8-12 मिनट तक पकने दें. यदि पानी सूख जाए और चावल कच्चे रहें तो थोड़ा गर्म पानी मिला सकते हैं.
केसर और मेवों का तड़का बनाएगा खास
जब चावल लगभग पक जाएं तो थोड़े से पानी में भीगे केसर के रेशों का पानी पुलाव में मिलाएं. इसके बाद पहले से सेंका हुआ पनीर, भुने हुए काजू-बादाम, मूंगफली और स्वादानुसार काली मिर्च पाउडर डालकर मिलाएं. कढ़ाही को दोबारा ढककर 2-3 मिनट धीमी आंच पर पकाएं ताकि सभी मसालों और मेवों का स्वाद चावल में समा जाए. अंत में गैस बंद करके कुछ देर ढका रहने दें. ऊपर से हरा धनिया डालकर सजाएं और दही या व्रत वाली चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Nagaur,Nagaur,Rajasthan
First Published :
October 31, 2026, 09:48 IST



