RPSC का अजब-गजब कारनामा, माइनस 11.74 मार्क्स वाले भी सिलेक्ट, अब आयोग को देनी पड़ रही सफाई

Last Updated:June 19, 2026, 11:47 IST
RPSC Veterinary Officer Recruitment 2025: राजस्थान लोक सेवा आयोग की वेटरनरी ऑफिसर भर्ती परीक्षा का अस्थायी परिणाम विवादों में आ गया है, क्योंकि 1100 पदों की विचारित सूची में ऐसे अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं जिनके अंक माइनस में हैं. कुछ उम्मीदवारों के -11.74 तक अंक आने के बावजूद उनका नाम पात्रता सूची में आ गया है. इस स्थिति ने भर्ती प्रक्रिया और मूल्यांकन प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा में न्यूनतम अंकों की कोई बाध्यता नहीं थी और यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन के लिए है, अंतिम चयन सूची नहीं है
ख़बरें फटाफट
आरपीएससी की वेटरनरी ऑफिसर भर्ती परीक्षा का अस्थायी परिणाम सुर्खियों में आ गया है
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की वेटरनरी ऑफिसर भर्ती परीक्षा का अस्थायी परिणाम इस समय सुर्खियों में है, क्योंकि इसमें ऐसे अभ्यर्थियों के नाम भी शामिल हैं जिनके अंक माइनस में आए हैं. यह मामला 1100 पदों के लिए आयोजित भर्ती से जुड़ा है, जिसकी विचारित सूची आयोग ने 16 जून को जारी की थी. सूची के सार्वजनिक होने के बाद जब कट ऑफ का विश्लेषण किया गया तो यह चौंकाने वाला वाक्या सामने आया कि कुछ उम्मीदवार माइनस 11.74 अंक तक प्राप्त करने के बावजूद पात्रता सूची में जगह बनाने में सफल रहे हैं. इस स्थिति ने प्रतियोगी परीक्षाओं की मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है.
अभ्यर्थियों और विशेषज्ञों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब अंकों में नकारात्मक परिणाम हैं तो चयन प्रक्रिया में ऐसे नाम कैसे शामिल हुए. हालांकि इस पर आयोग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि परीक्षा में न्यूनतम अंक प्राप्त करने की कोई शर्त निर्धारित नहीं थी, इसलिए माइनस मार्क्स वाले अभ्यर्थियों को भी विचारित सूची में रखा गया है. आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि यह भर्ती प्रक्रिया विशेष रूप से महत्वपूर्ण पदों के लिए है और वर्तमान प्रणाली में इसी आधार पर परिणाम तैयार किया गया है.
यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से तैयार की गई है
उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी स्कीम की समीक्षा की जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए पशुपालन विभाग और कार्मिक विभाग को आवश्यक सुझाव भेजे जाएंगे. इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्पष्टता को और मजबूत किया जा सकेगा. आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन के उद्देश्य से तैयार की गई है. इसे किसी भी स्थिति में अंतिम चयन सूची नहीं माना जाएगा. इस सूची में कुल 2165 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच के लिए अस्थायी रूप से शामिल किया गया है. दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद अंतिम चयन सूची संबंधित विभाग की रिपोर्ट के आधार पर जारी की जाएगी.
आरपीएससी सचिव ने कहा- यह केवल प्रोविजनल सूची, इसे चयन सूची नहीं माना जाए
इसके साथ ही आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ओएमआर उत्तर पत्रक में 10 प्रतिशत से अधिक प्रश्नों में विकल्प नहीं भरने के कारण 22 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है. इन सभी के रोल नंबर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए गए हैं. आरपीएससी सचिव रामनिवास मेहता ने दोहराया कि यह केवल प्रोविजनल सूची है और इसे चयन सूची नहीं माना जाए. अंतिम परिणाम दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घोषित किया जाएगा. आयोग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुसार की जा रही है और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश नहीं है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Rajasthan



