Bharatpur News: चहल की अधूरी पुलिया बनी ग्रामीणों की चिंता, मानसून से पहले पांच गांवों पर मंडरा रहा संकट

Last Updated:August 12, 2026, 10:52 IST
भरतपुर के चहल गांव में अधूरी पड़ी पुलिया ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है. तीन-चार महीने से निर्माण जारी होने के बावजूद काम करीब 50 प्रतिशत ही पूरा हुआ है. मानसून में पंचना बांध से पानी छोड़े जाने पर पुलिया के बहने और चहल समेत आसपास के पांच गांवों का संपर्क प्रभावित होने की आशंका है. ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग की है.
भरतपुर. जिले के चहल गांव में पिछले मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त हुई पुलिया का दर्द ग्रामीणों के लिए अब भी खत्म नहीं हुआ है. पुलिया का निर्माण कार्य शुरू हुए करीब 3 से 4 महीने बीत चुके हैं लेकिन अभी तक केवल लगभग 50 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है. अधूरा निर्माण ग्रामीणों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है, क्योंकि मानसून के दौरान पंचना बांध से पानी छोड़े जाने पर इस पुलिया पर एक बार फिर संकट खड़ा हो सकता है. ग्रामीणों का कहना है कि यह पुलिया केवल चहल गांव के लिए ही नहीं बल्कि आसपास के करीब पांच गांवों के लोगों के आवागमन और निकासी का प्रमुख रास्ता है. पुलिया का निर्माण अधूरा होने के कारण ग्रामीणों को पहले से ही परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सबसे बड़ी समस्या यह है कि इस मार्ग का कोई वैकल्पिक रास्ता भी उपलब्ध नहीं है.
ऐसे में यदि पुलिया मानसून के दौरान पानी के तेज बहाव की चपेट में आती है तो कई गांवों का संपर्क प्रभावित हो सकता है. पंचना बांध से पानी की निकासी होने पर इस क्षेत्र में पानी का बहाव बढ़ जाता है. ग्रामीणों को आशंका है कि यदि अधूरी पुलिया के बीच से तेज पानी गुजरता है तो निर्माणाधीन हिस्सा भी बह सकता है और पहले से मौजूद समस्या और गंभीर हो सकती है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया का निर्माण पूरा नहीं हुआ तो मानसून में उन्हें दोबारा वही परेशानी झेलनी पड़ सकती है जिसका सामना उन्होंने पिछले साल किया था. इस समस्या का असर गांव के स्कूली बच्चों पर भी पड़ सकता है, चहल गांव सहित आसपास के गांवों के कई बच्चे पढ़ाई के लिए बयाना आते-जाते हैं.
ग्रामीणों के अनुसार पंचना बांध से पानी छोड़े जाने के बाद यदि पुलिया पर आवागमन बंद होता है तो बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो जाएगा इससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाना बेहद जरूरी है, उनका आरोप है कि कई महीनों से काम चलने के बावजूद अभी तक आधा ही निर्माण हो पाया है. अब मानसून का समय है और पंचना बांध से पानी छोड़े जाने की स्थिति में खतरा और बढ़ सकता है. ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिया का निर्माण कार्य तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि मानसून में पांच गांवों के लोगों को आवागमन, निकासी और स्कूली बच्चों की आवाजाही में परेशानी का सामना न करना पड़े.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bharatpur,Rajasthan
First Published :
August 12, 2026, 10:52 IST



