NEET प्रोटेस्ट पर चुप्पी को लेकर घिरे सोनू निगम, अब बोले- ‘मैं जिंदगी में काफी स्टैंड ले चुका हूं’

Last Updated:August 12, 2026, 10:33 IST
नीट प्रोटेस्ट पर चुप्पी को लेकर आलोचना झेल चुके सोनू निगम ने अब अपनी सफाई दी है. उन्होंने बताया कि आखिर क्यों उन्होंने इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रखी. अपनी बात को रखते हुए सिंगर ने ये भी याद दिलाया कि वह जिंदगी में कई मुद्दों पर खुलकर स्टैंड ले चुके हैं.
ख़बरें फटाफट
सोनू निगम ने चुप्पी के पीछे का सच बयां किया है.
नई दिल्ली. सिंगर सोनू निगम कुछ समय पहले नीट प्रोटेस्ट को लेकर दिए अपने रिएक्शन की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए थे. एक कार्यक्रम के दौरान जब उनसे छात्रों के प्रदर्शन पर सवाल किया गया तो उन्होंने कथित तौर पर नाराजगी जताते हुए कहा था, ‘अब बस हो गया.’ उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और एक वर्ग ने उन पर छात्रों के मुद्दे पर चुप रहने को लेकर निशाना साधा. अब सोनू निगम ने बताया है कि उन्होंने उस वक्त इस मुद्दे पर कॉमेंट करने से क्यों इनकार किया था.
बॉम्बे टाइम्स से बातचीत में सोनू निगम ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में बातचीत को उसके मूल विषय तक सीमित रखना एक बुनियादी शिष्टाचार है. उन्होंने बताया कि मुंबई में करीब तीन दशक बिताने के दौरान उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर यह बात सीखी है कि जिस विषय के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया हो, बातचीत उसी तक रहनी चाहिए.
पंकज उधास को श्रद्धांजलि या राजनीति?
सोनू के मुताबिक, जिस कार्यक्रम में उनसे नीट प्रदर्शन को लेकर सवाल किया गया था, वह दिवंगत गजल गायक पंकज उधास को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित हुआ था. ऐसे मौके पर राजनीति या किसी दूसरे मुद्दे पर चर्चा करना उन्हें सहीं नहीं लगा. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अपने पिता से वादा किया है कि जिस विषय के बारे में उन्हें पर्याप्त जानकारी नहीं है, उस पर सार्वजनिक टिप्पणी नहीं करेंगे.
‘मैं जिंदगी में काफी स्टैंड ले चुका हूं’
सोनू निगम ने यह भी साफ किया कि वह हमेशा हर मुद्दे पर चुप रहने वाले कलाकार नहीं रहे हैं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया उनके फोन पर मौजूद नहीं है और अपनी जिंदगी में वह कई मुद्दों पर खुलकर स्टैंड ले चुके हैं. सिंगर ने खास तौर पर धार्मिक स्थलों पर लाउडस्पीकर के इस्तेमाल को लेकर अपनी आपत्ति और कलाकारों के रॉयल्टी अधिकार जैसे मुद्दों का जिक्र किया. उनका कहना था कि उन्होंने कई बार अकेले आवाज उठाई और सिस्टम में बदलाव लाने की कोशिश की है. अब वह चाहते हैं कि दूसरे लोग भी साहस के साथ अपनी बात रखें और देखें कि वे क्या बदलाव ला सकते हैं.
क्यों हुई थी सोनू की आलोचना?
नीट प्रोटेस्ट पर सवाल पूछे जाने के बाद सोनू निगम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में कई कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों के सामने आने के बीच सोनू की चुप्पी को लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें निशाना बनाया था. कुछ लोगों ने सवाल किया कि जब छात्रों से जुड़ा इतना बड़ा मुद्दा चर्चा में है, तब लोकप्रिय कलाकार अपनी आवाज क्यों नहीं उठा रहे.
About the AuthorShikha Pandey
15 साल पहले पत्रकारिता से शुरू हुआ शिखा पाण्डेय का सफर आज भी उसी जुनून के साथ जारी है. दिसंबर 2019 में न्यूज18 हिंदी से जुड़ने के बाद वह चीफ सब एडिटर के रूप मे…
Noida,Gautam Buddha Nagar,Uttar Pradesh
First Published :
August 12, 2026, 10:33 IST



