Bhilwara News: घर में पानी के टांके का ढक्कन खोला तो दिखा 5 फीट लंबा कोबरा, दहशत में आया पूरा परिवार

Last Updated:October 11, 2026, 19:37 IST
Cobra Snake: भीलवाड़ा के गुरला क्षेत्र के टीलों का खेड़ा गांव में पानी के टांके का ढक्कन खोलते ही 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा दिखाई दिया, जिससे परिवार में दहशत फैल गई. सूचना पर पहुंची वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर की टीम ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित बाहर निकाला और वन क्षेत्र में छोड़ दिया.
भीलवाड़ा. पानी के टांके का ढक्कन खोला तो अंदर पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा फुफकारता नजर आया, अचानक सामने आए सांप को देखकर परिवार के लोगों में दहशत फैल गई. घर में मौजूद लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर इस जहरीले सांप से कैसे निपटा जाए. इसके बाद तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई, मामला भीलवाड़ा जिले के गुरला क्षेत्र के टीलों का खेड़ा गांव का है, जहां लक्ष्मण लाल जाट के नोहरे में बने पानी के टांके में कोबरा दिखाई दिया. सूचना मिलते ही वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर की टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया.
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण लाल जाट के नोहरे में बने पानी के टांके में पांच फीट लंबा कोबरा छिपा हुआ था. जैसे ही टांके का ढक्कन खोला गया, अंदर सांप को फुफकारते देखकर परिवार के लोग घबरा गए. जहरीले सांप की मौजूदगी से आसपास के लोगों में भी डर का माहौल बन गया. इसके बाद वाइल्ड एनिमल रेस्क्यू सेंटर को इसकी सूचना दी गई. सूचना मिलने पर सेंटर के सचिव कुलदीप सिंह राणावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने स्थिति का जायजा लिया और विशेष उपकरणों की मदद से कोबरा को पकड़ने की प्रक्रिया शुरू की. सांप को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सावधानी बरती गई, ताकि किसी व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे और सांप भी सुरक्षित रहे.
20 मिनट की मशक्कत के बाद सफल रेस्क्यू
रेस्क्यू टीम ने करीब 20 मिनट तक मशक्कत की, इसके बाद पांच फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित तरीके से पानी के टांके से बाहर निकाल लिया. सांप के बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिवार और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया. इस सफल अभियान के बाद ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीम का आभार जताया. मौके पर लक्ष्मण लाल जाट सहित गांव के कई युवा और महिलाएं मौजूद रहे. टीम ने ग्रामीणों को सांपों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में विशेषज्ञों की मदद लेने की सलाह दी.
सांप दिखे तो खुद पकड़ने की न करें कोशिश
रेस्क्यू के दौरान सेंटर के सचिव कुलदीप सिंह राणावत ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया कि बरसात के मौसम में सांप अक्सर ठंडी और नमी वाली जगहों पर शरण ले लेते हैं. ऐसे में घरों, बाड़ों, पानी के टांकों और अन्य सुरक्षित जगहों पर सांप दिखाई देने की आशंका रहती है. उन्होंने कहा कि सांप दिखाई देने पर घबराने के बजाय उससे उचित दूरी बनाए रखनी चाहिए. उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है. ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए. उन्होंने ग्रामीणों को सांपों से बचाव के जरूरी उपाय भी बताए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं के दौरान किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके. समय पर सूचना मिलने और रेस्क्यू टीम की सतर्कता से कोबरा को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकाल लिया, इससे परिवार और ग्रामीणों ने राहत महसूस की.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bhilwara,Rajasthan
First Published :
October 11, 2026, 19:33 IST



