Dholpur News: ग्वालियर से बस में हथियार लेकर जा रहा था युवक, बैग में मिले 5 अवैध हथियार और 38 कारतूस

Last Updated:October 11, 2026, 18:54 IST
Dholpur News: धौलपुर के सरमथुरा में पंचायत चुनाव के बीच पुलिस ने अवैध हथियारों की बड़ी खेप पकड़ी है. ग्वालियर से बस में हथियार लेकर जा रहे आरोपी आदित्य सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया. उसके लाल बैग से 5 अवैध हथियार और 38 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस अब हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है.
धौलपुर. जिले की सरमथुरा थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने ग्वालियर से प्राइवेट बस में हथियार लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी के लाल रंग के बैग से दो पिस्टल, दो देशी कट्टे और एक पौना सहित कुल पांच अवैध हथियार बरामद हुए हैं. इसके अलावा 32 बोर और 315 बोर के 38 जिंदा कारतूस भी मिले हैं. पुलिस के अनुसार, बरामद पिस्टलों में से एक पर मेड इन जापान लिखा हुआ है.
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 को सरमथुरा थाना पुलिस पंचायत चुनावों के मद्देनजर गश्त और जांच कर रही थी. इसी दौरान खरैर नदी के पुल के पास पुलिस को सूचना मिली कि ग्वालियर से करौली की तरफ जा रही एक प्राइवेट बस में एक व्यक्ति लाल रंग के बैग में अवैध हथियार लेकर जा रहा है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने बसंतपुरा मोड़ से पहले नाकाबंदी कर दी. इसी दौरान मध्य प्रदेश नंबर की एक बस को रुकवाया गया. पुलिस का कहना है कि बस रुकने पर एक व्यक्ति लाल रंग का बैग लेकर नीचे उतरा और बसंतपुरा लिंक रोड की तरफ भागने लगा. इस पर कांस्टेबल धर्मवीर सिंह ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया.
बैग में मिले पांच हथियार और 38 कारतूस
पुलिस ने आरोपी की पहचान आदित्य सिंह ठाकुर के रूप में की है, वह मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के तिलावली गांव का रहने वाला है और फिलहाल ग्वालियर में किराए पर रह रहा था. पुलिस ने आरोपी के बैग की तलाशी ली तो उसमें दो 32 बोर की पिस्टल, दो मैगजीन, दो 315 बोर के देशी कट्टे और एक 315 बोर का पौना मिला. इसके साथ 32 बोर के 18 और 315 बोर के 20 जिंदा कारतूस बरामद हुए. इस तरह कुल पांच हथियार और 38 कारतूस जब्त किए, आरोपी हथियार रखने और उन्हें ले जाने के लिए कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं दिखा सका.
हथियारों के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी के बारे में कई जानकारियां सामने आई हैं. पूछताछ में सामने आया कि वह कथित तौर पर 2 से 3 हजार रुपये के लालच में ग्वालियर में हथियारों की सप्लाई करता था. यह कार्रवाई धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में की गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी हथियार कहां से लाता था और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाता था. साथ ही, हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि पंचायत चुनावों के दौरान अवैध हथियारों की रोकथाम के लिए अभियान जारी रहेगा.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Dhaulpur,Rajasthan
First Published :
October 11, 2026, 18:54 IST



