Diwali Cleaning Tips I घर की सफाई तो कर ली, अब बच्चों के खिलौनों की बारी! ऐसे चमकाएं सॉफ्ट टॉयज

Last Updated:November 06, 2026, 16:30 IST
Diwali Cleaning Tips:दिवाली की सफाई में घर के कोने-कोने को चमकाने के साथ बच्चों के पसंदीदा टेडी बियर और सॉफ्ट टॉयज की सफाई करना भी जरूरी है. इन पर जमी धूल-मिट्टी बच्चों में एलर्जी और छींक की वजह बन सकती है. जानिए कुछ आसान घरेलू तरीकों से सॉफ्ट टॉयज को बिना नुकसान पहुंचाए कैसे साफ और चमकदार बनाएं.
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही घरों में साफ-सफाई का दौर शुरू हो गया है, लोग घर के कोने-कोने में जमी धूल-मिट्टी और गंदगी को साफ करने में जुटे हैं. इस दौरान घर की दीवारों, पंखों, पर्दों और फर्नीचर की सफाई तो की जाती है, लेकिन बच्चों के पसंदीदा खिलौनों की सफाई अक्सर छूट जाती है.
टेडी बियर, मिक्की माउस और दूसरे सॉफ्ट टॉयज भी घर में रखे-रखे धूल-मिट्टी से गंदे हो जाते हैं. ऐसे में दिवाली की सफाई के दौरान इन खिलौनों को साफ करना भी जरूरी है. इन्हें फेंकने की बजाय कुछ आसान घरेलू उपायों से दोबारा साफ और चमकदार बनाया जा सकता है.
बच्चों के सॉफ्ट टॉयज पर धीरे-धीरे धूल की परत जम जाती है, इन्हें साफ करने के लिए वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल कर सकते हैं. वैक्यूम क्लीनर को कम पावर पर चलाकर खिलौनों की धूल निकालें. अगर घर में वैक्यूम नहीं है तो मुलायम ब्रश या साफ सूखे कपड़े से भी इनकी सफाई कर सकते हैं. इससे खिलौनों के रोएं के बीच जमी धूल आसानी से निकल जाएगी.
Add as Preferred Source on Google
सॉफ्ट टॉयज को हाथों से धोना भी आसान तरीका है, इसके लिए एक बाल्टी में ठंडा या हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा माइल्ड डिटर्जेंट मिलाएं. अब खिलौने को पानी में डालकर हल्के हाथों से साफ करें. जहां ज्यादा दाग हों, वहां मुलायम ब्रश का इस्तेमाल करें. इसके बाद साफ पानी से खिलौने को अच्छी तरह धो लें। ध्यान रखें कि खिलौने को जोर से रगड़ने से बचें.
कुछ सॉफ्ट टॉयज को वॉशिंग मशीन में भी धोया जा सकता है, इसके लिए सबसे पहले खिलौने के साथ लगे केयर लेबल को देखें. अगर मशीन में धोने की अनुमति है तो खिलौने को जालीदार लॉन्ड्री बैग में रखें. मशीन में ठंडा पानी और माइल्ड डिटर्जेंट डालकर डेलीकेट मोड पर चलाएं. मशीन में धोने से पहले खिलौने के दाग साफ कर लें, जिन खिलौनों में बैटरी, इलेक्ट्रॉनिक सामान या नाजुक सजावट लगी हो, उन्हें मशीन में न धोएं.
खिलौनों को धोने के बाद साफ तौलिए में रखकर हल्के हाथों से दबाएं, ताकि अतिरिक्त पानी निकल जाए, इसके बाद इन्हें हवादार जगह पर सुखाएं. खिलौनों को पूरी तरह सूखने देना जरूरी है, क्योंकि अंदर नमी रहने से बदबू और फफूंद लग सकती है, तेज गर्मी या सीधे हीटर से सुखाने से बचें.
सॉफ्ट टॉयज पर जमा धूल-मिट्टी के बारीक कण बच्चों के खेलने के दौरान हवा में फैल सकते हैं और सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकते हैं. इससे कुछ बच्चों को छींक, खांसी और एलर्जी जैसी परेशानी हो सकती है, इसलिए बच्चों के टेडी बियर और दूसरे सॉफ्ट टॉयज की समय-समय पर सफाई करना जरूरी है. दिवाली की सफाई में घर के साथ बच्चों के पसंदीदा खिलौनों को भी साफ करना न भूलें.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंडिया✅देखें.First Published :
November 06, 2026, 16:30 IST



