Ashes ENG vs AUS Mitchell Starc take 10 wickets in match: एशेज के पहले मैच में मिचेल स्टार्क ने लिए 10 विकेट

Last Updated:November 22, 2025, 13:41 IST
Ashes 2025 ENG vs AUS: एशेज सीरीज 2025-26 के शुरू होते ही रोमांच की सारी हदें पार हो गई. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट में खास तौर से तेज गेंदबाजों ने अपना कहर बरपाया है. मैच के दूसरे ही दिन मिचेल स्टार्क ने 10 विकेट लेकर इतिहास रच दिया.
मिचेल स्टार्क ने मैच में लिए 10 विकेट
नई दिल्ली: एशेज सीरीज 2025-26 के पहले मैच में ही ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने सनसनी मचा दी. स्टार्क ने इंग्लैंड के पर्थ में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में दोनों पारियों को मिलाकर कुल 10 विकेट अपने नाम किए. स्टार्क ने पहली पारी में 12.5 ओवर के खेल में 58 रन देकर 7 विकेट अपने नाम किए थे. इसके बाद दूसरी पारी में भी स्टार्क ने कहर बरपाते हुए 12 ओवर में 55 रन देकर 3 विकेट झटके. इस तरह मिचेल स्टार्क ने अपने टेस्ट करियर में तीसरी बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा किया है.
सिर्फ इतना ही नहीं, स्टार्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए एशेज टेस्ट में 35 साल के सूखे को भी खत्म किया है. स्टार्क 35 साल बाद एशेज में खेले गए टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए 10 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज बने हैं. आखिरी बार ऑस्ट्रेलिया के लिए ये कारनामा क्रेग मैकडरमॉट ने साल 1990-91 में किया था, जब उन्होंने मैच में 11 विकेट झटके थे. इसके बाद से ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कोई भी तेज गेंदबाज एशेज टेस्ट मैच में ऐसा नहीं कर पाए थे, लेकिन मिचेल स्टार्क ने इस इंतजार को खत्म कर दिया.
WTC में भी 200 विकेट लेने तीसरे गेंदबाज
मिचेल स्टार्क ने सिर्फ मैच में 10 विकेट ही नहीं लिए, बल्कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भी उनके नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है. मिचेल स्टार्क वर्ल्ड टेस्ट चैंपियन में 200 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले सिर्फ तीसरे गेंदबाज बने हैं. इस लिस्ट में नाथन लायन 219 विकेट के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि पैट कमिंस इस मामले में दूसरे स्थान पर हैं और अब स्टार्क लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं.
बल्लेबाजी में दोनों टीमों की हालत खराब
वहीं पर्थ में खेले जा रहे एशेज टेस्ट मैच की बात करें तो यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए बहुत ही मुश्किल रही है. मैच में इंग्लैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 172 रन ही बना पाई. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम भी 132 रन बनाकर सिमट गई. इस तरह इंग्लैंड को पहली पारी में 40 रनों की बढ़त हासिल हुई थी. वहीं इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 164 रन का स्कोर खड़ा किया, जिससे ऑस्ट्रेलिया को 205 रनों का टारगेट मिला है.
Jitendra Kumar
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्… और पढ़ें
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
November 22, 2025, 13:41 IST
homecricket
मिचेल स्टार्क ने किए 10 शिकार, खूंखार गेंदबाजी से बरपाया कहर



