Health

Health Tips: सुबह-शाम ठंड और दिन में गर्मी, बदलते मौसम में सेहत का ऐसे रखें ध्यान, डॉक्टर से जानें जरूरी बातें

ऋषिकेश: अक्टूबर का महीना खत्म होने को है और मौसम तेजी से बदल रहा है. सुबह और शाम हल्की ठंडक महसूस होने लगी है, जबकि दिन में अब भी गर्मी रहती है. ऐसे में खान-पान में की गई छोटी-छोटी गलतियां सेहत पर भारी पड़ सकती हैं. कभी खाने-पीने में लापरवाही, तो कभी बदलते मौसम के हिसाब से दिनचर्या में बदलाव न करना, शरीर को बीमारियों की चपेट में ला सकता है.

लोकल 18 से बातचीत के दौरान आयुष चिकित्सक डॉ. राजकुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव और तापमान में गिरावट के साथ शरीर को भी नए मौसम के अनुसार ढलना पड़ता है. तापमान में बदलाव का असर शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता और सांस की नलियों पर पड़ सकता है. ठंड के मौसम में प्यास कम लगने के कारण लोग अक्सर पानी कम पीते हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है.

बदलते मौसम में बढ़ सकती हैं ये परेशानियां

इन दिनों सुबह-शाम ठंडक बढ़ने के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और वायरल बुखार जैसी परेशानियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम में बदलाव के दौरान लोग घरों के अंदर ज्यादा समय बिताते हैं. बंद जगहों पर रहने से वायरस फैलने का खतरा बढ़ सकता है. वहीं, सुबह-शाम चलने वाली ठंडी हवा सांस की नलियों में जलन पैदा कर सकती है, जिससे अस्थमा और एलर्जी से परेशान लोगों की दिक्कत बढ़ सकती है. तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण कुछ लोगों को सिरदर्द और जोड़ों में दर्द की परेशानी भी महसूस हो सकती है. ऐसे में खान-पान और दिनचर्या का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि बदलते मौसम में सेहत को दुरुस्त रखा जा सके.

खाने में शामिल करें दाल, हरी सब्जियां और मौसमी फल

डॉक्टर के मुताबिक, इस दौरान खाने में दाल, हरी सब्जियां, मौसमी फल और प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल करनी चाहिए. इससे शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं. ठंड बढ़ने पर प्यास कम लग सकती है, लेकिन शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए नियमित रूप से पानी पीते रहना चाहिए. अदरक वाली चाय, सूप और गुनगुना पानी गले को आराम देने में मदद कर सकते हैं. इसके साथ ही सुबह और शाम की ठंड से बचना चाहिए और लंबे समय तक खाली पेट रहने से बचना चाहिए.

तली-भुनी और खुले में बिकने वाली चीजों से बचें

बदलते मौसम में बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना खाने से एसिडिटी और पेट से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं. इसलिए खान-पान में संतुलन बनाए रखना जरूरी है. खुले में बिकने वाली खाने की चीजों और बासी भोजन से भी बचना चाहिए, क्योंकि दूषित भोजन खाने से पेट में संक्रमण का खतरा हो सकता है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj