IND vs SL Day 4 Colombo Test LIVE: फॉलोऑन खेल रही श्रीलंका के दो विकेट गिरे, भारत से अब भी 130 रन पीछे

होमखेलक्रिकेट
LIVE: फॉलोऑन खेल रही श्रीलंका के दो विकेट गिरे, भारत से अब भी 130 रन पीछे
Last Updated:August 26, 2026, 12:05 IST
India vs Sri Lanka Colombo Test LIVE: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट का आज चौथा दिन है फॉलोऑन झेलने के बाद श्रीलंका की दूसरी पारी जारी है. मुकाबला पूरी तरह भारत के कब्जे में है. मेज…और पढ़ें
कोलंबो टेस्ट के चौथे दिन भारत जीत के बेहद करीब है
नमस्ते, न्यूज18 हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के चौथे दिन का खेल जारी है. कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड में भारतीय टीम ने श्रीलंका को फॉलोऑन दे दिया है. अब दूसरी पारी में भी श्रीलंका की हालत खस्ता है. लंच तक 83 रन बनाने में उसके दो विकेट गिर चुके हैं. श्रीलंका अब भी 130 रन पीछे है.
भारत की पहली पारी के स्कोर 503/9 के जवाब में पूरी श्रीलंकाई टीम सिर्फ 290 रन पर ही ऑलआउट हो गई.
भारत के लिए पहली पारी में प्रसिद्ध कृष्णा-मानव सुथार ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि डेब्यूटेंट सारांश जैन को दो विकेट मिले. मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा की झोली में एक-एक सफलता आई. श्रीलंका के लिए सोनल दिनुशा ने अपने टेस्ट करियर का लगातार दूसरा शतक जड़ा. पसिंदु सूरियाबंदारा ने 80 रन बनाए.
गॉल में हुआ दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मुकाबला भारत ने बड़ी आसानी से अपने नाम किया था और अब क्लीन स्वीप भी बेहद नजदीक है. हमारे साथ इस लाइव ब्लॉग में बने रहिए क्योंकि आपको चौथे दिन की पल-पल की अपडेट्स सबसे तेज सिर्फ यहीं देखने को मिलेगी.
IND vs SL LIVE: 63 रन पर श्रीलंका को दूसरा झटका
फॉलोऑन खेल रही श्रीलंकन टीम को दूसरा झटका लग चुका है. 63 रन पर दूसरा विकेट गिरा है. अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने अपने दूसरे ही ओवर में सफलता पाई. 39 गेंद में 32 रन बना चुके कामिल मिसारा एलबीडब्ल्यू आउट हुए हैं. अब पसिंदु सूरियाबंदारा का साथ देने के लिए कामिंदु मेंडिस क्रीज पर पहुंचे हैं.
IND vs SL LIVE: दूसरी पारी में श्रीलंका को पहला झटका
फॉलोऑन खेल रही श्रीलंका को सिर्फ पांच रन पर पहला झटका लग चुका है. चौथे ओवर की तीसरी गेंद मोहम्मद सिराज ने 129.3 kmph की सामान्य रफ्तार से फेंकी. इस बेहतरीन बाउंसर का लाहिरु उदारा के पास कोई जवाब ही नहीं था. शॉर्ट बॉल उदारा के गले की तरफ आ रही थी, उन्होंने हॉरिजॉन्टल शॉट खेलने के बजाय अजीब तरह से नीचे से ऊपर की ओर घूमकर इसे खेलने की कोशिश की और डीप फाइन लेग पर डेब्यूटेंट सारांश जैन को कैच दे बैठे. उदारा ने 15 गेंद पर तीन रन बनाए.
IND vs SL Follow on: क्या भारत ने श्रीलंका को फॉलोऑन देकर गलती कर दी?
सोशल मीडिया पर कुछ लोग कह रहे हैं कि श्रीलंका को फॉलोऑन देकर भारत ने गलती कर दी. उनका तर्क है कि चौथी पारी में कई बार 125 रन का लक्ष्य भी मुश्किल हो सकता है. ऊपर से खराब मौसम और लगातार बारिश के चलते एक दिन में पूरे ओवर्स भी नहीं हो पाते. कहानी सिंपल है अगर यहां से श्रीलंका को वापसी करनी है तो दूसरी पारी में 300 के आसपास रन बनाकर भारत को दोबारा बल्लेबाजी करने के लिए मजबूर करना होगा. अगर श्रीलंका दूसरी पारी में 300 रन नहीं बना पाया तो 125 रन का सवाल ही कहां आता है?
LIVE: मानव सुथार और कृष्णा ने लिए तीन-तीन विकेट
श्रीलंका को 290 रन पर समेटने में प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार का अहम रोल रहा. दोनों ने तीन-तीन विकेट लिए जबकि अपने पहला टेस्ट खेल रहे ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने आखिरी के दो विकेट लेकर खाता खोला. मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा की झोली में एक-एक सफलता आई.
IND vs SL Day 4 live: भारत ने श्रीलंका को दिया फॉलोऑन
चौथे दिन का खेल शुरू होते ही श्रीलंकन टीम ऑलआउट हो गई. अपने तीसरे दिन के स्कोर 265/8 से आगे बढ़ते हुए मेजबान 290 रन तक पहुंचे ही थे कि सारांश जैन ने शतकवीर सोनल दिनुशा को आउटकर फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया. दिनुशा ने अपने करियर की लगातार दूसरी टेस्ट सेंचुरी जड़ते हुए 103 रन बनाए. अगर दिनुशा क्रीज पर नहीं टिकते तो शायद तीसरे ही दिन श्रीलंकन पारी सिमट जाती.
Location :
New Delhi,Delhi
First Published :
August 26, 2026, 10:13 IST



