Jaipur News: रेनवाल में रफ्तार का कहर, दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में 2 लोगों की मौत

Last Updated:August 28, 2026, 18:41 IST
रेनवाल क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
जयपुर. रेनवाल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी. जानकारी के अनुसार, रेनवाल क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से आ रही थी. इसी दौरान दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई. भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही रेनवाल थाना प्रभारी राजेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस के साथ एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने घायलों का उपचार शुरू किया। बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए तीनों लोगों का उपचार जारी है.
दो लोगों ने इलाज से पहले तोड़ा दम
हादसे में गंभीर रूप से घायल दो लोगों की मौत हो गई, घटना की जानकारी अस्पताल पहुंचते ही वहां भी परिजनों और परिचितों की भीड़ जुटने लगी. मौत की सूचना से अस्पताल परिसर में मातम का माहौल बन गया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है, हादसा किस कारण से हुआ, दोनों मोटरसाइकिलों की रफ्तार कितनी थी और टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ले रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 28, 2026, 18:41 IST



