जोधपुर कलक्टर ने उदयपुर BJP सांसद मन्नालाल रावत को भेजा नोटिस, कर्मचारियों की सूची अपडेट करने के दिए आदेश

Last Updated:August 14, 2026, 13:18 IST
Udaipur MP Mannalal Rawat News : जोधपुर कलक्टर का एक नोटिस सोशल मीडिया पर जबर्दस्त तरीके से वायरल हो रहा है. यह नोटिस उदयपुर के बीजेपी सांसद मन्नालाल रावत को दिया गया है. इसमें चुनाव ड्यूटी वाले कर्मचारियों की डिटेल ईएमएस पोर्टल पर अपडेट नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनको चेतावनी दी गई है. जानें क्या है पूरा मामला? सांसद मन्नालाल रावत ने इसे तकनीकी मिस्टेक बताते हुए कहा कि पूरे मामले में विभागीय स्तर पर अपडेट किया जाना चाहिए था.
उदयपुर. उदयपुर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद मन्नालाल रावत को लेकर जोधपुर निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी किया गया एक नोटिस चर्चा में है. यह नोटिस 12 अगस्त को जारी किया गया है. इसमें चुनावी ड्यूटी से संबंधित कर्मचारियों की सूची ईएमएस पोर्टल पर अपडेट नहीं होने को लेकर सांसद से कार्यवाही पूरी कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं. नोटिस में 14 अगस्त तक कार्य पूर्ण कर इसकी जानकारी निर्वाचन विभाग को देने के लिए कहा गया है. जोधपुर डीएम का यह आदेश सोशल मीडिया पर काफी वायरल रहा है.
दरअसल निर्वाचन विभाग की ओर से चुनावी ड्यूटी के लिए कर्मचारियों से संबंधित रिकॉर्ड और सूची ईएमएस पोर्टल पर अपडेट की जाती है. इसी प्रक्रिया के तहत जोधपुर निर्वाचन अधिकारी की ओर से सांसद मन्नालाल रावत के नाम नोटिस जारी किया गया है. नोटिस में उनके अधीनस्थ कार्मिकों की सूची ईएमएस पोर्टल पर अपडेट नहीं होने का उल्लेख करते हुए इसे चुनावी ड्यूटी से जुड़ी लापरवाही माना गया है और कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
विभागीय या तकनीकी स्तर पर हुई बड़ी गलतीइस पूरे मामले में एक अहम बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि निर्वाचन विभाग के पास संबंधित कार्मिकों की सूची ही अपडेट नहीं होने के कारण यह स्थिति बनी हो सकती है. ऐसे में प्रथम दृष्टया यह मामला विभागीय या तकनीकी स्तर पर हुई गलती का प्रतीत हो रहा है. इसी वजह से नोटिस जारी होने के बाद इसकी वास्तविक स्थिति को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं.
रावत राजनीति में आने से पहले परिवहन विभाग में कार्यरत थे
उल्लेखनीय है कि मन्नालाल रावत राजनीति में आने से पहले परिवहन विभाग में कार्यरत थे. वे जोधपुर में एडिशनल कमिश्नर के पद पर तैनात रहे थे. लोकसभा चुनाव लड़ने से पहले उन्होंने वीआरएस लिया था. उसके बाद भाजपा के टिकट पर उदयपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा. चुनाव जीतने के बाद वे सांसद बन गए.नोटिस को लेकर सांसद मन्नालाल रावत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे तकनीकी मिस्टेक बताते हुए कहा कि पूरे मामले में विभागीय स्तर पर अपडेट किया जाना चाहिए था. सांसद का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों की सूची निर्वाचन विभाग के रिकॉर्ड में अपडेट नहीं हुई है तो इसी वजह से यह स्थिति पैदा हुई होगी.About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Udaipur,Udaipur,Rajasthan
First Published :
August 14, 2026, 13:18 IST



