Jodhpur News: लखनऊ हादसे के बाद फायर सेफ्टी नियमों पर नगर निगम की सख्ती, कई होटल, शोरूम किए सील

Last Updated:June 24, 2026, 15:54 IST
Jodhpur News: लखनऊ कोचिंग सेंटर हादसे के बाद जोधपुर नगर निगम ने फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर सख्ती बढ़ा दी है. बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए होटल, शोरूम, संस्थान समेत कई व्यावसायिक भवनों को सील किया गया. निगम का कहना है कि नोटिस के बावजूद सुरक्षा मानकों की पालना नहीं करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
जोधपुर. लखनऊ में हुए कोचिंग सेंटर हादसे के बाद देशभर में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है. इसी क्रम में जोधपुर नगर निगम ने बिना फायर एनओसी और सुरक्षा मानकों के संचालित हो रही व्यावसायिक इमारतों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है. बुधवार को नगर निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया.
नगर निगम की टीम ने सरस्वती नगर डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर के पास स्थित चंद्रा पेंट्स और भाटी पान की बिल्डिंग का निरीक्षण किया. जांच के दौरान दोनों भवनों में फायर सेफ्टी से जुड़े आवश्यक उपकरण और सुरक्षा व्यवस्थाएं नहीं मिली. नियमों की अनदेखी पाए जाने पर निगम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि इन भवनों को पूर्व में भी सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे.
बासनी जायका होटल भी हुआ सील
बुधवार सुबह नगर निगम की टीम कमला नेहरू नगर पाल लिंक रोड क्षेत्र स्थित बासनी जायका होटल पहुंची. निरीक्षण के दौरान होटल में भी फायर सेफ्टी मानकों का पालन नहीं पाया गया. आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की कमी और नियमों की अवहेलना को देखते हुए निगम ने होटल को सील कर दिया. कार्रवाई के दौरान निगम अधिकारियों के साथ फायर विभाग की टीम भी मौजूद रही.
मारुति सुजुकी शोरूम और नर्सिंग इंस्टीट्यूट पर गिरी गाज
भगत की कोठी क्षेत्र में स्थित श्रीमंगल मारुति सुजुकी शोरूम में भी फायर सुरक्षा नियमों की अनदेखी सामने आई. निरीक्षण के दौरान यहां आवश्यक अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा इंतजाम नहीं मिले. इसके चलते निगम ने शोरूम की बिल्डिंग को सील कर दिया. इसके बाद पास ही स्थित जेडी नर्सिंग इंस्टीट्यूट का निरीक्षण किया गया, जहां फायर सेफ्टी मानकों की कमी पाए जाने पर उसे भी सील कर दिया.
नोटिस के बावजूद नहीं हुई पालना
नगर निगम के फायर सेफ्टी ऑफिसर जलज घसिया ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहर में फायर सेफ्टी मानकों की जांच का विशेष अभियान चलाया जा रहा है. जिन भवनों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि संबंधित भवन संचालकों को पहले भी नोटिस जारी कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर अब सीलिंग जैसी कठोर कार्रवाई की जा रही है. निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jodhpur,Rajasthan



