Rajasthan

कोटा रेल मंडल की पहल! अब ट्रेन में बर्थ तक मिलेगा खाना, मोबाइल ऐप से ऑर्डर कर सकते हैं पसंदीदा खाना

Indian Railway: कोटा रेल मंडल अब यात्रियों के सफर को और आसान, सुविधाजनक और स्वादिष्ट बनाने की दिशा में एक नई पहल करने जा रहा है. इस पहल के तहत अब यात्रियों को ट्रेन में बैठे-बैठे ही उनकी बर्थ पर मनपसंद खाना उपलब्ध कराया जाएगा. खास बात यह है कि इस सुविधा में कोटा की मशहूर कचौरी भी शामिल होगी, जिससे यात्रियों को स्थानीय स्वाद का भी अनुभव मिल सकेगा.

मध्य रेलवे के कोटा मंडल द्वारा शुरू की जा रही इस नई व्यवस्था के तहत कोटा और सवाई माधोपुर जंक्शन पर विशेष फूड कियोस्क स्थापित किए जा रहे हैं. इन कियोस्क का उद्देश्य यात्रियों तक ताजा और समय पर भोजन पहुंचाना है. कोटा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के बाहर दो कियोस्क बनाए जा रहे हैं, जबकि सवाई माधोपुर स्टेशन पर भी दो कियोस्क स्थापित किए जाएंगे. ये कियोस्क खाने को तैयार नहीं करेंगे, बल्कि डिलीवरी प्वॉइंट के रूप में कार्य करेंगे.

मोबाइल एप के जरिए ऑडर कर सकते हैं पसंदीदा भोजन

इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को मोबाइल ऐप के जरिए अपना पसंदीदा भोजन ऑर्डर करना होगा. जैसे ही ऑर्डर किया जाएगा, वह सीधे स्टेशन पर बने कियोस्क तक पहुंच जाएगा. इसके बाद डिलीवरी बॉय ट्रेन के कोच गेट तक खाना पहुंचाएंगे, जहां से यात्री आसानी से अपना ऑर्डर प्राप्त कर सकेंगे. इससे यात्रियों को स्टेशन पर उतरकर खाने की तलाश में भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी और उनका समय भी बचेगा.

फूड डिलीवरी के लिए रेलवे ने कई कंपनियों से किया करार

अब तक फूड डिलीवरी कंपनियों को रेलवे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश की अनुमति नहीं थी, जिसके कारण यात्रियों को समय पर भोजन मिलना मुश्किल हो जाता था. कई बार ट्रेन के कम समय रुकने के कारण यात्री भोजन नहीं ले पाते थे. लेकिन अब रेलवे द्वारा विभिन्न कंपनियों के साथ किए गए करार के बाद यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी. इस नई व्यवस्था से यात्रियों को समय पर, ताजा और सुरक्षित भोजन उपलब्ध हो सकेगा.

पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरू की जा रही है

रेल मंडल की यह पहल फिलहाल एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि यदि यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलता है, तो इस सुविधा को कोटा मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी लागू किया जाएगा. इससे रेलवे की सेवाओं में सुधार होगा और यात्रियों का सफर और भी आरामदायक बन सकेगा.

खाने की गुणवत्ता का रखा जाएगा विशेष ख्याल

खाने की गुणवत्ता को लेकर भी विशेष ध्यान रखा जाएगा. पूरी प्रक्रिया खाद्य सुरक्षा विभाग के नियमों के तहत संचालित होगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके. रेलवे का यह कदम न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि स्थानीय खाद्य व्यवसायों को भी बढ़ावा देगा. यात्री अब सफर के दौरान स्वाद और सुविधा दोनों का आनंद एक साथ ले सकेंगे, जिसमें कोटा की प्रसिद्ध कचौरी का स्वाद यात्रा को और भी यादगार बना देगा.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj