कोटा के छात्रों को मिल गया तनाव भगाने का फॉर्मूला! रोज उमड़ रही भीड़, जानें सिटी पार्क क्यों बन गया खास

कोटा. राजस्थान के कोटा को देश की सबसे बड़ी कोचिंग नगरी माना जाता है, जहां लाखों छात्र अपने सपनों को साकार करने के लिए पढ़ाई कर रहे हैं. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे स्टूडेंट्स अब तनाव दूर करने और खुद को रिफ्रेश करने के लिए शहर के सिटी पार्क का रुख कर रहे हैं. झालावाड़ रोड स्थित यह पार्क अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, आधुनिक सुविधाओं और शांत माहौल के कारण विद्यार्थियों की पहली पसंद बनता जा रहा है. करीब ढाई लाख पेड़ों और पौधों से विकसित इस पार्क में हर दिन 1000 से 1200 विद्यार्थी पहुंच रहे हैं.
लगातार पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं के दबाव के बीच स्टूडेंट्स को मानसिक सुकून और तनाव से राहत की जरूरत होती है. ऐसे में सिटी पार्क उनके लिए एक बेहतरीन डेस्टिनेशन बनकर उभरा है. पार्क में प्रवेश करते ही हरियाली से भरपूर फ्लावर स्ट्रीट लोगों का स्वागत करती है. पीपल, बरगद, नीम, गुलमोहर और कचनार जैसे हजारों वृक्ष पूरे वातावरण को शुद्ध और ताजगी से भर देते हैं. पार्क की ताजा फिजा और शांत माहौल विद्यार्थियों को कुछ समय के लिए पढ़ाई के दबाव से दूर ले जाता है.
सिटी पार्क की सबसे बड़ी खासियत 1200 मीटर लंबी पंटिंग कैनाल है
सिटी पार्क की सबसे बड़ी खासियत इसकी 1200 मीटर लंबी पंटिंग कैनाल है. यहां चलने वाली शिकारा बोट्स लोगों को कश्मीर जैसी अनुभूति कराती हैं. शाम के समय कैनाल के किनारे बैठकर विद्यार्थी सुकून के पल बिताते नजर आते हैं. इसके अलावा ट्रेमैन सर्किल, सेव अर्थ सर्किल, मयूर चौक और काइनेटिक रोटरी जैसे थीम आधारित आकर्षण भी लोगों को खूब पसंद आते हैं. फिटनेस पसंद करने वाले युवाओं के लिए पार्क में हेल्थ जोन और ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध है. वहीं बर्ड एवियरी, डक पॉन्ड और रैबिट एरिया बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. किड्स जोन, एम्फीथिएटर और खूबसूरत ब्रिज पार्क की सुंदरता को और बढ़ाते हैं.
छात्रों को पार्क में मिलती है विशेष रियायत
पार्क में विद्यार्थियों के लिए विशेष रियायत भी दी गई है. आईडी कार्ड दिखाने पर छात्रों से 50 रुपए, जबकि आम नागरिकों से 100 रुपए प्रवेश शुल्क लिया जाता है. यही वजह है कि बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स यहां पहुंचकर अपने दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिताते हैं. फूड कोर्ट और कैफेटेरिया में साउथ इंडियन, चाइनीज और अन्य व्यंजन भी उपलब्ध हैं, जहां युवा पढ़ाई के बीच कुछ समय आराम से गुजारते हैं. इसके अलावा पार्क प्री-वेडिंग शूट, म्यूजिक वीडियो और अन्य क्रिएटिव शूटिंग के लिए भी पसंदीदा लोकेशन बन चुका है.
55 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में विकसित हो रहा बैंक्वेट हॉल
आने वाले समय में यहां 55 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में विकसित हो रहा बैंक्वेट हॉल और अन्य प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स पार्क के आकर्षण को और बढ़ाएंगे. प्राकृतिक सुंदरता, ढाई लाख पेड़ों की हरियाली, आधुनिक सुविधाओं और सुकून भरे माहौल के कारण सिटी पार्क आज कोटा की नई पहचान बनकर उभर रहा है, जहां हर दिन हजारों लोग राहत और ताजगी की तलाश में पहुंच रहे हैं.



