पैटीज खाने के बाद बिगड़ी थी तबीयत; जयपुर में 12वीं के छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने स्कूल पर लगाए आरोप

Last Updated:August 13, 2026, 22:26 IST
Student Death In Jaipur School : जयपुर के महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं के छात्र प्रिंस सोनी की संदिग्ध मौत पर हंगामा. परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. परिजनों और समाज के लोगों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की. काफी संख्या में लोगों के स्कूल पहुंचने से मौके पर माहौल गर्म हो गया.
ख़बरें फटाफट
जयपुर में 12वीं के छात्र की मौत, परिजनों ने स्कूल पर लगाए गंभीर आरोप
जयपुर. झोटवाड़ा इलाके के महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र की बुधवार को संदिग्ध परिस्थिति में मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ. मृतक छात्र की पहचान बृजमंडल कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय प्रिंस सोनी के रूप में हुई है. परिजनों और स्वर्णकार समाज के लोगों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की. वहीं पुलिस का कहना है कि छात्र की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी.
घटना के बाद गुरुवार को प्रिंस के परिजन उसका शव लेकर स्कूल पहुंचे. परिजनों का आरोप था कि स्कूल में छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद भी उसे समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया. इसको लेकर परिवार और समाज के लोगों में काफी नाराजगी दिखाई दी. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों से घटना के बारे में जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए. झोटवाड़ा थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक नरेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक छात्र प्रिंस सोनी था और उसकी उम्र 17 साल थी.
पैटीज खाने के बाद बिगड़ी तबीयतपरिजनों के मुताबिक प्रिंस बुधवार को टिफिन लेकर स्कूल नहीं गया था. इसके बाद वह अपने दोस्तों के साथ स्कूल की कैंटीन में गया. यहां प्रिंस और उसके दोस्तों ने पैटीज खाई थी. परिवार का आरोप है कि पैटीज खाने के तुरंत बाद प्रिंस की तबीयत खराब होने लगी. इसके बाद प्रिंस अपनी कक्षा में पहुंचा और शिक्षक को तबीयत खराब होने की जानकारी दी. इसी दौरान वह कक्षा में ही बेहोश होकर गिर पड़ा. शिक्षक ने इसकी जानकारी स्कूल के व्यवस्थापक को दी.
परिजन बोले, अस्पताल ले जाने में हुई देरीप्रिंस के परिजन रवि कुमार के अनुसार, करीब 11 बजे प्रिंस को कक्षा से उठाकर एक कमरे में ले जाया गया. उनके मुताबिक शिक्षक, व्यवस्थापक और स्कूल के अन्य लोग उसे कमरे में लेकर गए थे. इसके बाद परिवार को फोन करके स्कूल बुलाया गया. परिजनों का आरोप है कि करीब 11.45 बजे तक स्कूल प्रशासन की ओर से उन्हें फोन कर चार पहिया वाहन लेकर आने के लिए कहा जाता रहा. परिवार का कहना है कि इस दौरान प्रिंस को अस्पताल नहीं ले जाया गया. परिजन बाद में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
बाजार बंद कर स्कूल पहुंचे समाज के लोगप्रिंस की मौत की खबर फैलने के बाद बृजबाल चौराहे के स्वर्णकार समाज के दुकानदारों में भी नाराजगी फैल गई. विरोध में दुकानदारों ने बाजार बंद कर दिया. इसके बाद समाज के सैकड़ों लोग स्कूल पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया. परिजनों और समाज के लोगों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और पूरे मामले में कार्रवाई की मांग की. काफी संख्या में लोगों के स्कूल पहुंचने से मौके पर माहौल गर्म हो गया. पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली और लोगों से बातचीत की.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजहफिलहाल छात्र की मौत किस वजह से हुई, इसे लेकर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है. परिजनों का कहना है कि पैटीज खाने के बाद प्रिंस की तबीयत बिगड़ी थी, जबकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने कहा है कि छात्र की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस ने स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों से भी घटना को लेकर जानकारी जुटाई है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 13, 2026, 22:26 IST



