रील्स से शुरू हुआ प्यार, कमेंट ने बदली जिंदगी! पहली मुलाकात में शादी, पढ़ें जितेंद्र-आरती की लव स्टोरी

कोटा. सोशल मीडिया के दौर में जहां रिश्ते जल्दी बनते और टूटते नजर आते हैं, वहीं कोटा से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है, जिसने सच्चे प्यार और भरोसे की एक अलग मिसाल पेश की है. यहां कार ड्राइवर का काम करने वाले जितेंद्र सैनी और छत्तीसगढ़ के रायपुर की रहने वाली आरती की दोस्ती सोशल मीडिया पर शुरू हुई और पहली ही मुलाकात में शादी तक पहुंच गई. दरअसल, मई 2021 की बात है. कोटा में रहने वाले जितेंद्र सैनी अपने रोजमर्रा के काम से फुर्सत मिलने के बाद मोबाइल पर रील्स देख रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर रायपुर की रहने वाली आरती की एक फोटो पर पड़ी.
फोटो पसंद आने पर उन्होंने उसे लाइक किया और एक साधारण सा कमेंट कर दिया. उस वक्त उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि यही छोटा सा कदम उनकी जिंदगी को पूरी तरह बदल देगा. आरती ने जब वह कमेंट देखा तो उन्हें अच्छा लगा और उन्होंने जवाब दिया. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया. शुरुआत में बातचीत सामान्य रही. “हाय-हेलो”, “क्या कर रहे हो”, “खाना खाया?” जैसी रोजमर्रा की बातें होती थीं. लेकिन धीरे-धीरे बातचीत का दायरा बढ़ता गया और दोनों एक-दूसरे के करीब आते चले गए.
दूरी को कम करने में मोबाइल बना बड़ा सहारा
दोनों के बीच सैकड़ों किलोमीटर की दूरी थी. जितेंद्र राजस्थान के बूंदी जिले के बलदेवपुर गांव के रहने वाले हैं और कोटा में अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहकर ड्राइविंग का काम करते हैं. वहीं, आरती छत्तीसगढ़ के रायपुर की रहने वाली हैं और अपने परिवार की सबसे बड़ी बेटी हैं. दूरी अधिक होने के कारण दोनों का मिलना आसान नहीं था, इसलिए उन्होंने फोन कॉल और वीडियो कॉल के जरिए ही एक-दूसरे को समझना शुरू किया.
करीब एक साल तक दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही. इस दौरान उन्होंने एक-दूसरे की पसंद-नापसंद, परिवार और जीवन से जुड़े कई पहलुओं को जाना. खास बात यह रही कि इतने लंबे समय तक बातचीत के बावजूद दोनों कभी आमने-सामने नहीं मिले, लेकिन इसके बावजूद उनका रिश्ता मजबूत होता गया.
परिवार की सहमति से दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली
आखिरकार दोनों ने मिलने और अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया. 12 मई 2022 को जितेंद्र सैनी कोटा से ट्रेन के जरिए रायपुर पहुंचे. यह उनकी पहली मुलाकात थी, लेकिन दोनों पहले ही एक-दूसरे को जीवनसाथी मान चुके थे. मुलाकात के बाद जितेंद्र आरती को अपने साथ कोटा लेकर आए. कोटा पहुंचने के बाद दोनों ने परिवार की सहमति से बूंदी में कोर्ट मैरिज कर ली. इस तरह पहली मुलाकात ही शादी में बदल गई. हालांकि, शुरुआत में परिवार की ओर से कुछ असहमति जरूर रही, लेकिन समय के साथ दोनों के फैसले को स्वीकार कर लिया गया.
खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रहे हैं दोनों
आज दोनों एक खुशहाल वैवाहिक जीवन जी रहे हैं. शादी के एक साल बाद उनके घर बेटे आयान का जन्म हुआ, जिससे परिवार की खुशियां और बढ़ गईं. जितेंद्र अब कोटा में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं और उनकी जिंदगी पहले से काफी बेहतर हो चुकी है. जितेंद्र ने हाल ही में कोटा में एक प्लॉट खरीदा है, जिस पर वे अपना घर बनाने की तैयारी कर रहे हैं. इसके अलावा उन्होंने 19 मार्च को नई स्विफ्ट डिजायर कार भी खरीदी है. उनकी मेहनत और संघर्ष अब रंग ला रहे हैं और उनका जीवन धीरे-धीरे स्थिर हो रहा है.
सहयोग आपसी समझ ने रिश्ते को मजबूत आधार दिया
दोनों को घूमना-फिरना और धार्मिक स्थलों पर जाना काफी पसंद है. वे मथुरा, खाटूश्याम (सीकर) और सांवरिया सेठ जैसे धार्मिक स्थलों के दर्शन कर चुके हैं. अब उनकी इच्छा केदारनाथ जाने की है, जिसे वे जल्द पूरा करना चाहते हैं. जितेंद्र के परिवार में माता-पिता, एक बड़ा भाई और सबसे बड़ी बहन हैं, जबकि जितेंद्र सबसे छोटे हैं. परिवार का सहयोग और आपसी समझ इस रिश्ते को और मजबूत बना रही है. यह कहानी बताती है कि सोशल मीडिया सिर्फ समय बिताने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सच्चे रिश्तों को जोड़ने का भी जरिया बन सकता है. भरोसा, समझ और सच्चे इरादे हों तो दूरियां भी मायने नहीं रखतीं. कोटा के जितेंद्र और रायपुर की आरती की यह प्रेम कहानी आज के दौर में सच्चे प्यार की एक प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आई है.



