NEET PG 2026 Re Exam: नीट पीजी के लिए सख्त निर्देश जारी, 2499 डॉक्टर जयपुर के 5 केंद्रों पर देंगे परीक्षा

Last Updated:September 05, 2026, 11:12 IST
NEET PG 2026 Re Exam: 30 अगस्त 2026 को बिजली जाने से अधूरी रह गई नीट पीजी परीक्षा का आज जयपुर में री-एग्जाम होगा. 2,499 डॉक्टर्स 5 केंद्रों पर परीक्षा देंगे. नीट पीजी 2026 री-एग्जाम साइबर सेल, मेडिकल टीम और बैकअप पावर के सख्त पहरे के बीच होगा.NEET PG 2026 Re Exam: नीट पीजी री-एग्जाम के लिए 5 केंद्र बनाए गए हैं
नई दिल्ली (NEET PG 2026 Re Exam). 30 अगस्त को जब लाखों युवा डॉक्टर्स नीट पीजी का कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट दे रहे थे, तब जयपुर के सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन (IDZ) में अचानक बिजली की अंदरूनी सप्लाई ठप हो गई. स्क्रीन काली पड़ गई और महीनों की मेहनत पर पल भर के लिए पानी फिरता नजर आया. इस तकनीकी खराबी की वजह से जिन अभ्यर्थियों की नीट पीजी परीक्षा अधूरी रह गई थी, उनके लिए आज (5 सितंबर) दोबारा परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है.
जयपुर जिला प्रशासन और परीक्षा कराने वाली एजेंसी NBEMS ने नीट पीजी 2026 री-एग्जाम में कोई कसर नहीं छोड़ी है. शहर के 5 चुनिंदा परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 3 बजे से शाम 6:30 बजे तक यह कंप्यूटर बेस्ड री-एग्जाम आयोजित किया जा रहा है. कुल 2,499 अभ्यर्थी नीट पीजी री-एग्जाम में हिस्सा ले रहे हैं. 30 अगस्त 2026 की गलती से सबक लेते हुए इस बार बैकअप पावर, साइबर सुरक्षा और लॉ एंड ऑर्डर के ऐसे पुख्ता इंतजाम किए गए हैं कि परिंदा भी पर न मार सके.
30 अगस्त को नीट पीजी परीक्षा में क्या हुआ था?
जयपुर के सीतापुरा में स्थित नीट पीजी के दो परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति (Internal Power Supply) और सर्वर से जुड़ा तकनीकी फॉल्ट आ गया था. इसके चलते कंप्यूटर अचानक बंद हो गए थे. कई बार री-स्टार्ट करने के बाद भी जब समय बर्बाद हुआ और परीक्षा पूरी नहीं हो सकी तो नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जमिनेशन (NBE) और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया. अभ्यर्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए आज री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया.
जयपुर के इन 5 केंद्रों पर हो रही है परीक्षा
प्रशासन ने नीट पीजी 2026 में भीड़ को बांटने और व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए 5 अलग-अलग बड़े संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया है:
श्री बालाजी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी: यहां सबसे ज्यादा 889 अभ्यर्थी नीट पीजी परीक्षा दे रहे हैं.
जयपुर इंजीनियरिंग कॉलेज (JEC): यहां 640 अभ्यर्थी री-एग्जाम में शामिल हो रहे हैं.
अलंकार महिला पीजी महाविद्यालय: यहां 350 अभ्यर्थियों के लिए कंप्यूटर सेट किए गए हैं.
ऑरोबिंदो इंटरनेशनल स्कूल: यहां 340 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं.
शंकरा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी: यहां 280 अभ्यर्थियों की परीक्षा ली जाएगी.
पावर कट से निपटने के लिए डबल-बैकअप प्लान
पिछली बार बिजली सप्लाई में आई गड़बड़ी से सबक लेते हुए इस बार बिजली विभाग (JVVNL) को नीट पीजी परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध (बिना रुके) बिजली सप्लाई जारी रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा हर सेंटर पर भारी-भरकम जनरेटर और ऑनलाइन यूपीएस (UPS) का डबल-बैकअप रखा गया है. अगर मुख्य लाइन से बिजली कटे भी तो कंप्यूटर एक सेकंड के लिए भी बंद न हों.
साइबर सिक्योरिटी और फ्लाइंग स्क्वॉड की पैनी नजर
नीट पीजी की ऑनलाइन परीक्षा में किसी भी तरह की हैकिंग या धांधली को रोकने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ साइबर सेल की खास टीमें भी तैनात की गईं हैं. नकल और फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए विशेष उड़नदस्ते (Flying Squads) लगातार सेंटर्स का औचक निरीक्षण करेंगे. बायोमेट्रिक अटेंडेंस और फेस रिकग्निशन के बाद ही उम्मीदवारों को लैब में एंट्री दी जाएगी.
एंबुलेंस से लेकर फायर ब्रिगेड तक… हाई अलर्ट पर प्रशासन
नीट पीजी परीक्षा हॉल के बाहर सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि हर तरह की आपात स्थिति से निपटने के इंतजाम हैं. तेज गर्मी और मानसिक तनाव को देखते हुए हर सेंटर पर पीने के लिए साफ पानी और मेडिकल टीम की व्यवस्था की गई है. किसी भी स्वास्थ्य संबंधी इमरजेंसी के लिए डॉक्टर्स और एंबुलेंस मौके पर मौजूद हैं. इसके साथ ही सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी सेंटरों पर तैनात रखी गई हैं.
About the Authorदीपाली पोरवालSenior Sub Editor
Deepali Porwal is a seasoned bilingual journalist with 11 years of experience in the media industry. She currently works with Hindi, focusing on the Education and Career desk. She is kno…
September 05, 2026, 11:12 IST



