राजस्थान 4th ग्रेड भर्ती में MBC कोटे को लेकर नया विवाद, दो कैंडीडेट के सलेक्शन पर उठे सवाल

Last Updated:August 15, 2026, 21:43 IST
MBC Reservation Quota Controversy : राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा-2024 में MBC कोटे पर एक बड़ा विवाद सामने आया है. सोशल मीडिया पर रविकान्त सैनी और विमल कुमार शर्मा के MBC कैटेगरी में चयन पर सवाल उठाया गया है. मामले को गुर्जर नेता विजय बैंसला ने भी सोशल मीडिया पर उठाया है. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा कि अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने पर जांच होगी. सूची के मुताबिक रविकान्त सैनी का मेरिट क्रमांक 1158 है और उनकी कैटेगरी MBC दर्शाई गई है. उनका पदस्थापन मुख्यालय यानी HQ में किया गया है. वहीं विमल कुमार शर्मा का मेरिट क्रमांक 1376 दर्ज है.एमबीसी कोटे में शर्मा और सैनी टाइटल देखकर सोशल मीडिया पर भड़के लोग
जयपुर. राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी भर्ती परीक्षा-2024 की चयन प्रक्रिया को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है. मामला अति पिछड़ा वर्ग यानी MBC कोटे की सीटों पर दो अभ्यर्थियों के चयन से जुड़ा है. परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग की ओर से चयनित अभ्यर्थियों के पदस्थापन और कार्यालय आवंटन को लेकर 12 अगस्त 2026 को जारी आदेश सामने आने के बाद इस पर सवाल उठने लगे हैं. सोशल मीडिया पर आदेश की कॉपी वायरल होने के बाद आरक्षण व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन और चयन प्रक्रिया को लेकर चर्चा तेज हो गई है. हालांकि राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी.
दरअसल विवाद उस सूची को लेकर है, जिसमें MBC कैटेगरी में चयनित अभ्यर्थियों के नाम दर्ज हैं. इस सूची में रविकान्त सैनी और विमल कुमार शर्मा के नाम सामने आने के बाद सवाल उठाए जा रहे हैं. सूची के मुताबिक रविकान्त सैनी का मेरिट क्रमांक 1158 है और उनकी कैटेगरी MBC दर्शाई गई है. उनका पदस्थापन मुख्यालय यानी HQ में किया गया है. वहीं विमल कुमार शर्मा का मेरिट क्रमांक 1376 दर्ज है. सूची में उनकी कैटेगरी भी MBC बताई गई है और उनका पदस्थापन RTO भरतपुर इन्फोर्समेंट में किया गया है. इन्हीं दोनों नामों को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि आखिर दोनों अभ्यर्थियों को MBC कैटेगरी में किस आधार पर शामिल किया गया और चयन के दौरान उनके दस्तावेजों का सत्यापन किस तरह किया गया.
MBC कोटे पर क्यों उठ रहे सवालराजस्थान में MBC यानी अति पिछड़ा वर्ग के लिए अलग आरक्षण व्यवस्था है. इसमें राज्य की पांच अति पिछड़ी जातियां शामिल हैं, जिनमें गुर्जर समाज भी शामिल है. यह व्यवस्था OBC से अलग है. विवाद इसलिए खड़ा हुआ है क्योंकि सामने आई सूची में ‘शर्मा’ सरनेम वाले विमल कुमार शर्मा और ‘सैनी’ सरनेम वाले रविकान्त सैनी के नाम MBC कैटेगरी में दर्ज हैं. दी गई जानकारी के मुताबिक शर्मा सरनेम को सामान्य यानी General श्रेणी से जोड़ा जाता है, जबकि सैनी समाज को राजस्थान में OBC श्रेणी में रखा गया है. ऐसे में इन दोनों अभ्यर्थियों को MBC कोटे में चयनित किए जाने के नियम और आधार को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं.
क्यों उठ रही जांच की मांगहालांकि केवल सरनेम के आधार पर किसी अभ्यर्थी की आरक्षण पात्रता तय नहीं होती और वास्तविक स्थिति संबंधित दस्तावेजों और सरकारी रिकॉर्ड की जांच के बाद ही साफ हो सकती है. यही वजह है कि मामले में दस्तावेज सत्यापन और चयन प्रक्रिया की जांच की मांग उठ रही है.
विजय बैंसला ने सरकार से मांगा जवाबमामले को लेकर गुर्जर नेता विजय बैंसला ने भी सोशल मीडिया पर चयन सूची पोस्ट की और सरकार से स्थिति साफ करने की मांग की. बैंसला ने कहा कि यदि यह दस्तावेज वेरिफिकेशन के बाद जारी की गई अंतिम चयन सूची है तो यह राजस्थान सरकार के MBC संबंधी नियमों और पात्रता मानदंडों की अनदेखी का मामला हो सकता है. उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थियों के अधिकार और आरक्षण व्यवस्था से जुड़ी किसी भी तरह की अनियमितता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती.
कर्मचारी चयन बोर्ड ने क्या कहाइस पूरे मामले में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज का कहना है कि अभी तक बोर्ड को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि अगर शिकायत मिलती है तो मामले की जांच करवाई जाएगी. 12 अगस्त को जारी पदस्थापन और कार्यालय आवंटन सूची में दर्ज इन दोनों नामों को लेकर सवाल बने हुए हैं. सोशल मीडिया पर सूची सामने आने के बाद अभ्यर्थियों और आरक्षण से जुड़े लोगों के बीच भी चर्चा तेज है. अब निगाह इस बात पर है कि अगर इस मामले में औपचारिक शिकायत होती है तो जांच में दोनों अभ्यर्थियों की MBC पात्रता और दस्तावेज सत्यापन को लेकर क्या स्थिति सामने आती है.
About the Authorआनंद पाण्डेयContent Producer
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अ…
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 15, 2026, 21:43 IST



