झुंझुनूं में ATM कैश लूट का नया तरीका! सिस्टम में पूरा कैश पर मशीन खाली, 1.13 करोड़ के गबन का ऐसे खुला राज

Last Updated:July 02, 2026, 09:56 IST
Jhunjhunu ATM Cash Scam: झुंझुनूं जिले में एटीएम में कैश भरने वाली सीएमएस कंपनी से जुड़े करोड़ों रुपये के कैश गबन मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. कंपनी की आंतरिक ऑडिट पूरी होने के बाद गबन की कुल राशि बढ़कर 1 करोड़ 13 लाख 95 हजार रुपये पहुंच गई है. इसके बाद चिड़ावा थाने में कंपनी के दो कर्मचारियों, सुजडौला निवासी सुमेर सिंह और संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. जांच में सामने आया कि दोनों ने कथित तौर पर एटीएम में बिना नकदी डाले फर्जी कैश लोडिंग रिपोर्ट अपलोड की, कुछ मशीनों में तय राशि से कम कैश डाला और कुछ एटीएम से नकदी दोबारा निकाल ली. शुरुआती जांच में 83 लाख रुपये की हेराफेरी सामने आई थी, लेकिन 28 एटीएम की विशेष ऑडिट के बाद घोटाले का आंकड़ा 1.13 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया. दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है.
ख़बरें फटाफट
झुंझुनूं में एटीएम में कैश भरने वाली सीएमएस कंपनी से जुड़े करोड़ों रुपये के कैश गबन मामले में हुआ बड़ा खुलासा
झुंझुनूं. राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एटीएम में कैश भरने वाली कंपनी सीएमएस से जुड़े करोड़ों रुपये के कैश गबन मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. कंपनी की आंतरिक ऑडिट पूरी होने के बाद गबन की कुल राशि 1 करोड़ 13 लाख 95 हजार रुपये सामने आई है. इसके आधार पर बुधवार देर रात चिड़ावा थाने में कंपनी के दो कर्मचारियों, सुजडौला निवासी सुमेर सिंह और संदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन वे अब भी फरार हैं.
प्रारंभिक जांच में करीब 83 लाख रुपये की हेराफेरी सामने आई थी, लेकिन कंपनी द्वारा जयपुर से बुलाए गए विशेष ऑडिटर की विस्तृत जांच में 28 एटीएम मशीनों का मिलान किया गया. जांच पूरी होने के बाद गबन की राशि बढ़कर 1 करोड़ 13 लाख 95 हजार रुपये पहुंच गई. इस खुलासे के बाद बैंकिंग और कैश मैनेजमेंट सिस्टम से जुड़े अधिकारियों में हड़कंप मच गया है.
दोनों कर्मचारियों ने ऐसे उड़ाए 1.13 लाख से अधिक की राशि
सीएमएस कंपनी के रीजनल मैनेजर विनोद यादव झुंझुनूं पहुंचे और सीकर शाखा प्रबंधक गौरव सिंह सोलंकी सहित अन्य अधिकारियों के साथ एसपी कावेंद्र सिंह सागर तथा एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत से मुलाकात कर पूरी ऑडिट रिपोर्ट सौंपी. रिपोर्ट में दोनों कर्मचारियों द्वारा कथित रूप से योजनाबद्ध तरीके से कैश गबन करने का पूरा घटनाक्रम दर्ज किया गया है. जांच के अनुसार, 25 जून को दोनों कर्मचारियों ने तीन एटीएम मशीनों में बिना नकदी डाले ही कैश लोड करने की फर्जी रिपोर्ट सिस्टम पर अपलोड कर दी. वहीं तीन अन्य एटीएम में निर्धारित राशि से कम नकदी डाली गई. इसके अलावा दो एटीएम में कैश भरने के बाद उसे दोबारा निकाल लिया गया. जांच में सामने आया कि इसी दिन दोनों ने मिलकर 1 करोड़ 3 लाख 3 हजार रुपये का गबन किया.
ऑडिट कराने पर उजागर हुआ दोनों कर्मचारियों का खेल
अगले दिन 26 जून को संदीप सिंह छुट्टी पर चला गया. कंपनी ने सुमेर सिंह के साथ दूसरे कर्मचारी को भेजा, लेकिन अंतिम एटीएम में कैश लोडिंग के दौरान मौका पाकर सुमेर सिंह ने 10 लाख रुपये और अपने पास रख लिए. इसके बाद 27 और 28 जून को शनिवार और रविवार की छुट्टियों का फायदा उठाकर दोनों आरोपी फरार हो गए. सोमवार को जब दोनों कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और उनके मोबाइल फोन भी बंद मिले तो कंपनी को संदेह हुआ. इसके बाद सभी एटीएम की जांच शुरू कराई गई. ऑडिट में सामने आया कि दो दिनों के दौरान विभिन्न एटीएम से 1 करोड़ 13 लाख 3 हजार रुपये का कैश कम मिला. इसके अलावा तीन एटीएम से निकला 92 हजार रुपये का अतिरिक्त कैश, जिसे बैंक में वापस जमा कराया जाना था, वह भी जमा नहीं कराया गया. इस तरह कुल गबन की राशि 1 करोड़ 13 लाख 95 हजार रुपये दर्ज की गई.
2016 में भी लाखों रूपए लेकर फरार हो गए थे कर्मचारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए चिड़ावा थाना पुलिस ने कंपनी की रिपोर्ट के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित गबन में केवल यही दो कर्मचारी शामिल थे या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था. बता दें कि वर्ष 2016 में भी झुंझुनूं जिले में एटीएम कैश वैन से जुड़े कर्मचारी लाखों रुपये और कैश वैन लेकर फरार हो गए थे. करीब एक दशक बाद सामने आया यह मामला जिले के सबसे बड़े एटीएम कैश घोटालों में शामिल हो गया है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jhunjhunu,Rajasthan



