उत्तर कोरिया ने रूस के लिए भेजी अपनी मिसाइल यूनिट, यूक्रेन पर अब टूटेगा कहर, CIA की चुप्पी पर उठे सवाल- Russia Ukraine war North Korea missile unit

Last Updated:August 06, 2026, 10:32 IST
North Korea Missile Unit: रूस-यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरिया एक बार फिर सीधे शामिल हो रहा है. यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी का दावा है कि उत्तर कोरिया ने पहली बार अपनी मिसाइल यूनिट रूस में भेजी है. इस यूनिट में 90 सैनिक, 120 बैलिस्टिक मिसाइलें और 6 लॉन्चर शामिल हो सकते हैं. दिलचस्प बात यह है कि अमेरिका को इसकी जानकारी होने के बावजूद CIA ने कोई टिप्पणी नहीं की.उत्तर कोरिया की मिसाइलें.
Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन युद्ध में अब उत्तर कोरिया पूरी तरह मैदान में उतर चुका है. किम जोंग की सैन्य भागीदारी और बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. सबसे दिलचस्प बात यह है कि अमेरिका को इस तैनाती की जानकारी होने के बावजूद CIA ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि व्हाइट हाउस की ओर से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. इसी बीच यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी ने दावा किया है कि उत्तर कोरिया अपनी मिसाइल यूनिट रूस भेजने की तैयारी कर चुका है. यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी (GUR) के अधिकारी एंड्री चेर्नियाक के अनुसार, उत्तर कोरिया की करीब 90 सैनिकों वाली मिसाइल यूनिट रूस के पश्चिमी वोरोनेझ क्षेत्र में तैनात की जाएगी. यह यूनिट रूस की 112वीं मिसाइल ब्रिगेड के साथ काम करेगी. चेर्नियाक ने दावा किया कि रूस इस तैनाती के तहत 120 उत्तर कोरियाई बैलिस्टिक मिसाइलें और 6 लॉन्चर शामिल करना चाहता है. हालांकि असली संख्या और तैनाती का स्वरूप अगले महीने दोनों देशों के शीर्ष अधिकारियों की बैठक के बाद तय होगा.
उत्तर कोरिया का दखल बढ़ा
अब तक उत्तर कोरिया रूस को गोला-बारूद, बैलिस्टिक मिसाइलें और सैनिक भेजता रहा है. लेकिन अगर यह तैनाती होती है तो पहली बार उत्तर कोरिया की पूरी मिसाइल यूनिट रूस में तैनात होगी. इसे रूस और उत्तर कोरिया के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग का सबसे बड़ा विस्तार माना जा रहा है. चेर्नियाक के मुताबिक उत्तर कोरिया हाल ही में KN-23 और KN-24 बैलिस्टिक मिसाइलों की नई खेप भी रूस भेज चुका है. रूस ने पिछले सप्ताह इन्हीं मिसाइलों में से दो का इस्तेमाल यूक्रेन पर किया. अगस्त 2025 के बाद यह पहली बार था जब उत्तर कोरियाई बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला हुआ था.
CIA ने नहीं बताया, व्हाइट हाउस भी खामोश
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका को उत्तर कोरिया की इस तैनाती की जानकारी है. हालांकि CIA ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. वहीं व्हाइट हाउस ने भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. रूस के रक्षा मंत्रालय और संयुक्त राष्ट्र में उत्तर कोरिया के मिशन ने भी इस मामले पर कोई जवाब नहीं दिया.
एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक पिछले सप्ताह उत्तर कोरिया की एक बैलिस्टिक मिसाइल ने मध्य यूक्रेन के रादुश्ने गांव में एक मकान को तबाह कर दिया. इस हमले में एक ही परिवार के कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई. चेर्नियाक ने दावा किया कि यह हमला हाल में भेजी गई 40 नई उत्तर कोरियाई मिसाइलों में से एक से किया गया था.
उत्तर कोरिया की मिसाइल ज्यादा खतरनाक क्यों?
यूक्रेनी सैन्य सूत्रों के मुताबिक KN-23 और KN-24 मिसाइलों की मारक क्षमता और पेलोड रूस की इस्कंदर मिसाइलों से ज्यादा है. हालांकि ये मिसाइलें कम सटीक मानी जाती हैं. यही वजह है कि इनके हमलों में रिहायशी इलाकों में ज्यादा तबाही और नागरिकों की मौत का खतरा बढ़ जाता है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि यूक्रेन की सबसे बड़ी कमजोरी उसका सीमित एयर डिफेंस सिस्टम है. ऐसे में अगर रूस को उत्तर कोरिया से बड़ी संख्या में अतिरिक्त मिसाइलें मिलती हैं तो यूक्रेन के लिए खतरा और बढ़ सकता है.
About the AuthorYogendra Mishra
Yogendra Mishra holds a degree in Journalism from the University of Allahabad. He has been actively associated with the media industry since 2017 and brings extensive experience across various domains of journa…
और पढ़ेंFirst Published :
August 06, 2026, 10:32 IST



