अब नौकरी के लिए नहीं भटकेंगे युवा! शुरू होगी AI और हाईटेक स्किल ट्रेनिंग, सेवार्थम भवन बनेगा करियर का केंद्र

Last Updated:June 22, 2026, 19:01 IST
Sevartham Bhawan Sikar: सीकर जिले के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. शहर में प्रस्तावित सेवार्थम भवन युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े प्रशिक्षण उपलब्ध कराने का केंद्र बनेगा. इस परियोजना का उद्देश्य युवाओं को बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप तैयार करना और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है. भवन में AI, डिजिटल तकनीक, कंप्यूटर आधारित कौशल और अन्य रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाने की योजना है. इससे विद्यार्थियों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने में मदद मिलेगी. विशेषज्ञों का मानना है कि AI और तकनीकी प्रशिक्षण आने वाले समय में रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे.
Sikar News: सीकर शहर के तोदी नगर क्षेत्र में सेवा भारती समिति की ओर से सेवार्थम भवन के निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है. यह सेवार्थम भवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सहयोग से बनाया जा रहा है. इस भवन को सामाजिक सेवा, शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास गतिविधियों के लिए काम में किया जाएगा. इस सेवार्थम भवन का निर्माण लगभग 1800 वर्गगज भूमि पर किया जाएगा.
प्रस्तावित भवन तीन मंजिला होगा और इसे आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा. भवन में प्रशिक्षण कक्ष, बैठक हॉल, कार्यालय और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी. निर्माण पूरा होने के बाद यह परिसर सेवा भारती की अनेक गतिविधियों का मुख्य केंद्र बनेगा, जहां से समाज के जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न योजनाओं और सेवा कार्यों का संचालन किया जाएगा.
सेवा भारती संगठन के जिला अध्यक्ष महेश होलानी ने बताया कि नगर परिषद की ओर से भवन निर्माण के लिए 1800 वर्गगज भूमि उपलब्ध कराई गई है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में सेवा भारती की कई गतिविधियां अलग-अलग स्थानों से संचालित हो रही हैं, लेकिन सेवार्थम भवन बनने के बाद इन सभी गतिविधियों को एक ही परिसर में संचालित किया जा सकेगा.
Add as Preferred Source on Google
इससे कार्यों के बेहतर समन्वय के साथ अधिक लोगों तक सेवाओं का लाभ पहुंचाना संभव होगा. महेश होलानी ने बताया कि भवन का एक प्रमुख उद्देश्य युवाओं और जरूरतमंद लोगों को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है. इसके तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इलेक्ट्रीशियन, कंप्यूटर आधारित प्रशिक्षण और अन्य तकनीकी पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे.
बदलते समय में तकनीकी ज्ञान और कौशल की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों को विशेष रूप से तैयार किया जाएगा, ताकि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें. भवन के पूर्ण होने के बाद यह केंद्र आर्थिक रूप से कमजोर, निराश्रित और पिछड़े वर्गों के लोगों के लिए नई संभावनाओं का द्वार खोलेगा.
यहां कौशल विकास, व्यक्तित्व विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और स्वावलंबन से जुड़े कई कार्यक्रम नियमित रूप से चलाए जाएंगे. उन्होंने कहा कि समाज के वंचित वर्गों को आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है. इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए सेवार्थम भवन का निर्माण किया जा रहा है. इसमें प्रमुख रूप से गरीब और वंचित लोगों को सहायता मिलेगी.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|



