Business

रात में ऑनलाइन शॉपिंग पड़ सकती है महंगी, आपकी एक गलती बढ़ा सकती है खर्च

ऑनलाइन शॉपिंग आज लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुकी है. कपड़े हों, मोबाइल, किराने का सामान या घर की जरूरत की चीजें, ज्यादातर लोग अब इन्हें घर बैठे ऑर्डर कर देते हैं. कई लोग दिनभर काम करने के बाद रात में आराम से मोबाइल पर शॉपिंग करना पसंद करते हैं. उस समय न तो ऑफिस की जल्दी होती है और न ही किसी दूसरी जिम्मेदारी का दबाव. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यही आदत कई बार आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है?

दरअसल, रात में ऑनलाइन शॉपिंग करते समय लोग अक्सर बिना ज्यादा सोच-विचार के खरीदारी कर लेते हैं. वहीं, ई-कॉमर्स कंपनियां भी ग्राहकों की खरीदारी की आदत, समय और मांग के हिसाब से ऑफर और कीमतों में बदलाव करती रहती हैं. ऐसे में कई बार ग्राहक जरूरत से ज्यादा खर्च कर बैठते हैं. अगर आप भी देर रात ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं, तो कुछ बातों का ध्यान रखकर अपने पैसे बचा सकते हैं.

रात में क्यों बढ़ सकता है खर्च?

दिनभर की थकान के बाद जब रात में लोग आराम से फोन यूज करते हैं तो ऐसे समय में सोशल मीडिया या शॉपिंग ऐप देखते-देखते कई ऐसे प्रोडक्ट भी पसंद आ जाते हैं, जिनकी वास्तव में जरूरत नहीं होती. यूनिक फोटो, लिमिटेड टाइम ऑफर और भारी छूट जैसे कैप्शन और मैसेज देखकर लोग जल्दी फैसला ले लेते हैं.

इसे इम्पल्स बायिंग (Impulse buying) कहा जाता है. यानी बिना प्लान के अचानक खरीदारी करना. बाद में कई लोगों को एहसास होता है कि उन्होंने ऐसी चीज खरीद ली, जिसकी उन्हें जरूरत ही नहीं थी. यही छोटी-छोटी खरीदारी महीने के अंत में बड़ा खर्च बन जाती है.

कीमतें कंपेयर करना जरूरी

ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट और ऐप कई बार मांग और ग्राहकों की गतिविधि के आधार पर कीमतों में बदलाव करते हैं. किसी प्रोडक्ट का दाम दिन और रात में अलग-अलग दिखाई दे सकता है. कई बार जिस सामान को आपने पहले देखा था, कुछ घंटे बाद उसकी कीमत बदल जाती है.

इसलिए किसी भी सामान को खरीदने से पहले अलग-अलग वेबसाइट पर उसकी कीमत जरूर देखें. अगर तुरंत जरूरत नहीं है, तो एक-दो दिन कीमत पर नजर रखें. कई बार कुछ समय इंतजार करने पर वही प्रोडक्ट कम दाम में मिल जाता है. साथ ही, कीमत तुलना करने वाले ऑनलाइन टूल्स या ऐप का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.

इन बातों का रखें ध्यान

अगर आप ऑनलाइन शॉपिंग में फिजूल खर्च से बचना चाहते हैं, तो सबसे पहले खरीदारी की एक लिस्ट बनाएं और उसी के मुताबिक सामान खरीदें. रात में सिर्फ ऑफर देखकर खरीदारी करने से बचें. किसी भी महंगे प्रोडक्ट को खरीदने से पहले थोड़ा समय लें और सोचें कि क्या उसकी अभी सच में जरूरत है.

इसके अलावा, फ्री डिलीवरी, कैशबैक या डिस्काउंट के लालच में ऐसी चीजें न खरीदें, जिनका इस्तेमाल ही न हो. बजट तय करके खरीदारी करें और समय-समय पर अपने ऑनलाइन खर्च की समीक्षा भी करते रहें. थोड़ी सी समझदारी और प्लान के साथ ऑनलाइन शॉपिंग न सिर्फ आसान बल्कि आपकी जेब के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकती है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj