जश्न में झूमी पुलिस यादगार बनी ये शाम,DGP ने परोसा खाना जीता सभी का दिल


जयपुर। राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में गुरुवार शाम राजस्थान पुलिस अकादमी के स्टेडियम प्रांगण में एक भव्य और यादगार सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सजे-धजे मंच पर प्रस्तुत मनमोहक कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरे माहौल को उत्साह व उल्लास से भर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय भजनों से हुई, जिसे हबीब खान और उनकी टीम ने प्रस्तुत किया। इसके बाद विख्यात लोक गायक स्वरूप खान और उनकी टीम ने “केसरिया बालम” जैसे राजस्थानी गीतों से समां बांध दिया। एडीजी इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार ने “रुक जाना नहीं” गीत गाकर प्रेरणादायक प्रस्तुति दी, वहीं डीआईजी डॉ. रवि के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निशांत भारद्वाज और उनकी टीम ने शानदार प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं।
सांस्कृतिक संध्या में मिताली गर्ग ने “यारा सिली सिली”, हेड कांस्टेबल कुशल सिंह ने “ओ रे पिया”, अंतिम शर्मा ने “लंबी जुदाई” और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हेमंत जाखड़ ने “कुछ ना कहो” गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इसके अलावा सूबे सिंह ने “लाखों हैं निगाह में”, प्रवीण और इंदु की जोड़ी ने “जानेजां” गीत से माहौल को और भी रंगीन बना दिया।

डांस प्रस्तुतियों में लक्ष्मी और उनकी टीम ने ऊर्जावान प्रदर्शन कर दर्शकों में जोश भर दिया, वहीं कोरस टीम द्वारा “कर्मा” गीत पर दी गई प्रस्तुति बेहद प्रभावशाली रही। कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुलिस बैंड की अनुशासित और मधुर धुनों ने समारोह को भव्य पूर्णता प्रदान की।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला, जब डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने “बड़ा खाना” के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों को अपने हाथों से भोजन परोसा। इस अनोखे दृश्य ने पुलिसकर्मियों के बीच आत्मीयता और सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

इस पूरे आयोजन का संचालन डीवाईएसपी दीपक जोशी एवं एसआई डॉ. महेश सोलंकी ने किया, जिन्होंने अपनी ऊर्जावान शैली से कार्यक्रम को रोचक और जीवंत बनाए रखा।
समारोह में परिवार सहित उपस्थित प्रमुख अतिथियों में सेवानिवृत्त डीजीपी एम.एल. लाठर, सेवानिवृत्त डीजीपी बैंस, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा, डीजी संजय अग्रवाल, डीजी गोविंद गुप्ता, डीजी अनिल पालीवाल, डीजी आनंद श्रीवास्तव तथा गृह सचिव अंजलि राजोरिया शामिल रहे। इन सभी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा को और बढ़ा दिया।
पूरे प्रदेश में मनाए जा रहे राजस्थान पुलिस के 77वें स्थापना दिवस के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल पुलिस जवानों, बल्कि आम नागरिकों और विदेशी पर्यटकों का भी दिल जीत लिया। यह आयोजन पुलिस परिवार के आपसी जुड़ाव, सांस्कृतिक समृद्धि और उत्साह का प्रतीक बनकर उभरा।



