रेल मंत्री की घोषणा के बाद तेज हुई तैयारी, बीकानेर में बनेगा नया गुड्स ट्रेन बाईपास, जानिए किसे होगा सबसे बड़ा फायदा

Last Updated:June 30, 2026, 12:48 IST
Bikaner Railway News : बीकानेर रेल मंडल नाल-पलाना के बीच गुड्स ट्रेन बाईपास रेलमार्ग पर 448 करोड़ की परियोजना शुरू करेगा, माल परिवहन तेज होगा, शोर व प्रदूषण घटेगा, यात्री ट्रेनों को भी राहत मिलेगी. रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के पूरा होने के बाद मालगाड़ियों का सफर कम समय में पूरा होगा. इससे ईंधन, समय और परिचालन लागत में भी बचत होगी.
ख़बरें फटाफट
बीकानेर. बीकानेर रेल मंडल में मालगाड़ियों के संचालन को अधिक सुगम, तेज और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की जा रही है. रेलवे ने नाल और पलाना के बीच गुड्स ट्रेन बाईपास रेलमार्ग विकसित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है. इस परियोजना पर करीब 448 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. फिलहाल इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है.
हाल ही में बीकानेर दौरे पर आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी इस महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की थी. यह बाईपास रेलमार्ग बीकानेर रेलवे स्टेशन और यार्ड पर बढ़ते ट्रैफिक भार को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा. वर्तमान में जैसलमेर की ओर से आने वाली मालगाड़ियां बीकानेर स्टेशन और यार्ड से होकर गुजरती हैं, जिससे कई बार यात्री और मालगाड़ियों दोनों के संचालन पर असर पड़ता है. नई लाइन बनने के बाद मालगाड़ियां बीकानेर स्टेशन और यार्ड में प्रवेश किए बिना सीधे मेड़ता रोड की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी. इससे रेल संचालन अधिक व्यवस्थित और समयबद्ध हो जाएगा.
माल परिवहन होगा तेज और सुगमरेलवे अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के पूरा होने के बाद मालगाड़ियों का सफर कम समय में पूरा होगा. इससे ईंधन, समय और परिचालन लागत में भी बचत होगी. साथ ही रेलवे की माल परिवहन क्षमता बढ़ेगी और औद्योगिक क्षेत्रों तक सामान की आपूर्ति पहले से अधिक तेजी से हो सकेगी. इससे व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है.
शहर को भी मिलेगा सीधा फायदाइस परियोजना का लाभ केवल रेलवे को ही नहीं, बल्कि बीकानेर शहर के लोगों को भी मिलेगा. वर्तमान में बड़ी संख्या में मालगाड़ियों के शहर के बीच से गुजरने के कारण शोर और प्रदूषण की समस्या बनी रहती है. बाईपास बनने के बाद शहर के भीतर अनावश्यक रेल यातायात कम होगा, जिससे ध्वनि प्रदूषण और पर्यावरणीय प्रभाव में कमी आएगी. इसके अलावा यार्ड पर ट्रैफिक का दबाव घटने से यात्री ट्रेनों के संचालन में भी सुगमता आने की संभावना है.
भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई योजनारेलवे का मानना है कि आने वाले समय में माल परिवहन की मांग लगातार बढ़ेगी. ऐसे में नाल-पलाना गुड्स ट्रेन बाईपास परियोजना बीकानेर रेल मंडल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी. परियोजना पूरी होने के बाद बीकानेर रेल मंडल में माल परिवहन व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक आधुनिक, तेज और प्रभावी बन सकेगी. रेलवे को उम्मीद है कि डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. इससे आने वाले वर्षों में बीकानेर रेल नेटवर्क को नई मजबूती मिलेगी.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Bikaner,Bikaner,Rajasthan



