Rajasthan Ka Mausam: पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर, पश्चिमी में तेज आंधी; जानिए कल कैसा रहेगा मौसम

Rajasthan kal Ka Mausam: राजस्थान में 23 जून को मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं और धूलभरी आंधी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग के जिलों में दोपहर बाद बादलों की आवाजाही बढ़ने और बारिश होने के आसार हैं. बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ में मानसूनी नमी का प्रभाव अधिक रह सकता है. वहीं बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 37 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. मौसम में बदलाव से गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन बढ़ती उमस लोगों को परेशान कर सकती है. किसानों के लिए यह मौसम खरीफ फसलों की तैयारी का अनुकूल समय माना जा रहा है.



