Rajasthan Kal Ka Mausam: राजस्थान में अगले दो हफ्ते राहत या परेशानी? बारिश, उमस और आंधी पर बड़ा अपडेट, जानें अपने जिले का हाल

Rajasthan 28 June Ka Mausam : राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन अगले दो सप्ताह तक प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार 26 जून से 9 जुलाई 2026 के बीच पूर्वी राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, करौली, अजमेर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में रुक-रुक कर बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. वहीं बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में भी धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 से 7 दिनों में मानसून के और सक्रिय होने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं. किसानों को पर्याप्त नमी मिलने के बाद ही खरीफ फसलों की बुवाई शुरू करने की सलाह दी गई है.



