‘राजेश खन्ना की फिल्म ने मेरे पिता को बर्बाद किया था’, माधुरी दीक्षित के हीरो का खुलासा- लोगों ने फेर लिया था मुंह

Last Updated:May 02, 2026, 11:00 IST
बॉलीवुड एक्टर ने अपने शुरुआती करियर का एक दर्दनाक किस्सा बताया कि कैसे एक फिल्म की नाकामी ने उनके परिवार की दुनिया बदल दी थी. उनके पिता द्वारा बनाई गई एक फिल्म में सुपरस्टार राजेश खन्ना लीड रोल में थे. लेकिन मूवी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई. इस एक असफलता के बाद पूरी फिल्म इंडस्ट्री ने रातों-रात उनके पिता से मुंह मोड़ लिया और उन्हें अकेला छोड़ दिया. अपनों के इसी बर्ताव और पिता के संघर्ष को देखकर उन्होंने ठान लिया कि उन्हें खुद एक बड़ा हीरो बनकर अपने परिवार का सम्मान वापस दिलाना है.
नई दिल्ली. अनिल कपूर बॉलीवुड के शानदार सितारों में से एक हैं. वह 69 साल की उम्र में भी अपनी एक्टिंग से दिल जीत लेते हैं. माधुरी दीक्षित के साथ उनकी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री खूब जमी और कई फिल्मों में काम किया. हाल ही में अनिल कपूर ने अपने पिता सुरिंदर कपूर के संघर्षों और उनके करियर में उतार-चढ़ाव को लेकर बात की. एक्टर ने बताया कि उन्हें एक्टर बनने के लिए पिता की हालातों ने ही प्रेरित किया था. साथ ही यह भी खुलासा किया कि कैसे राजेश खन्ना की एक फ्लॉप फिल्म ने उनके पिता को तबाह कर दिया था.
लिली सिंह के साथ इंटरव्यू के दौरान अनिल कपूर ने अपने पिता को लेकर बात की. उन्होंने बताया, ‘मेरे डैड बहुत ही नेक इंसान थे-बेहद जमीन से जुड़े हुए, सच्चे और ईमानदार. वह 50 के दशक के आखिर या 60 के दशक की शुरुआत में मुंबई आए थे. वहां उन्होंने पहले के. आसिफ के साथ बतौर असिस्टेंट काम किया और बाद में एक एक्टर के मैनेजर बन गए. फिल्म इंडस्ट्री में मैं जहां भी गया, लोगों ने हमेशा यही कहा कि वह कितने भले और सच्चे इंसान थे.’
अनिल कपूर ने आगे बताया वह अपनी फैमिली के साथ चेंबूर में आरके स्टूडियो के पास रहते थे. उन्होंने कहा, ‘वहां कोई भी शूटिंग कर रहा हो, हमारे घर से खाना जरूर जाता था. शादी-ब्याह से लेकर बच्चों के जन्म तक, इंडस्ट्री में किसी को भी कोई सलाह चाहिए होती, तो वे मां की तरह सबके लिए खड़ी रहती थीं, चाहे वो परिवार हो या दोस्त.’
Add as Preferred Source on Google
उन्होंने साझा किया कि उनके पिता खुद एक प्रोड्यूसर थे और बड़े सितारों के साथ काम करते थे, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया था कि वह अनिल को फिल्म दिलाने में कोई मदद नहीं करेंगे. अनिल ने याद करते हुए बताया, ‘जब मैंने कहा कि मैं एक्टर बनना चाहता हूं तो उन्होंने कहा कि ठीक है, बनो. लेकिन मैं तुम्हारे लिए फिल्म नहीं बना सकता. तुम्हें काम खुद ढूंढना होगा. मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छी बात थी, क्योंकि उन्होंने मुझे अपने सपने पूरे करने और अपनी राह खुद चुनने की आजादी दी.’
अनिल ने बताया कि उन्होंने बहुत कम उम्र में ही अपने सफर की शुरुआत कर दी थी, इसलिए उस वक्त उन्हें गहराई से कुछ सोचने का मौका ही नहीं मिला. वह कहते हैं, ‘मैंने 18-19 साल की बेहद छोटी उम्र में ही अपने करियर की ओर कदम बढ़ा दिए थे. मुझे लगता है कि अपनी पढ़ाई पूरी करने से पहले ही मेरे डैड की तबीयत बिगड़ गई, उन्हें हार्ट अटैक आया था. वह एक फिल्म प्रोड्यूसर थे और उस दौर में उनकी फिल्मों के लिए बड़े एक्टर्स और हीरो मिलना मुश्किल हो रहा था.’
उन्होंने आगे बताया, ‘तभी मैंने तय किया कि, मुझे एक्टर बनना ही होगा, मुझे लीड रोल करने होंगे. बस वहीं से मैंने अपने करियर को लेकर गंभीरता से मेहनत शुरू कर दी. उस वक्त मेरे पास अपनी भावनाओं को समझने या महसूस करने का समय ही नहीं था, क्योंकि मेरा पूरा ध्यान बस काम ढूंढने, एक्टर बनने और अपना करियर खड़ा करने पर लगा था. मैं बस हर वक्त काम की तलाश में रहता था.’
अनिल कपूर ने उस वाकये को भी याद किया जब उनके पिता की एक फिल्म बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थी. उस मूवी राजेश खन्ना हीरो थे. उस घटना ने उनके मन पर गहरी छाप छोड़ी. उन्होंने कहा, ‘मुझे याद है उनकी एक फिल्म रिलीज हुई थी जिसमें उस वक्त के सबसे बड़े सुपरस्टार राजेश खन्ना लीड रोल में थे. सबको लग रहा था कि फिल्म बहुत बड़ी हिट होगी, लेकिन वह बुरी तरह फ्लॉप हो गई. मैंने अपनी आंखों से देखा कि कैसे कुछ ही घंटों में लोगों के तेवर बदल गए.’
अनिल ने आगे बताया, ‘वह (पिता सुरिंदर कपूर) उस वक्त दिल्ली से सफर कर रहे थे, क्योंकि तब फिल्में आज की तरह एक साथ रिलीज नहीं होती थीं, बल्कि अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग दिनों पर लगती थीं. जब वह बैंगलोर पहुंचे, तो एयरपोर्ट पर उन्हें लेने कोई नहीं आया. हर किसी ने जैसे उनसे मुंह मोड़ लिया था और उन्हें अकेला छोड़ दिया था. वह देखना काफी हैरान करने वाला था. मैंने पहली बार अपने पिता को उस हाल में देखा था. जब वह घर लौटे, तो वे रो तो नहीं रहे थे, लेकिन मैं देख सकता था कि वह अंदर से पूरी तरह टूट चुके थे, उनकी आंखों में आंसू थे.’
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।



