Rajasthan

दौसा में दुष्कर्म, सिरोही में 24.37 लाख की ठगी, पढ़े राजस्थान की बड़ी खबरें

Rajasthan Live News: दौसा के लालसोट थाने में 31 वर्षीय महिला ने दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया. वहीं पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने में तकनीकी खराबी के कारण किसानों का प्रदर्शन हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी किया. खराबी दूर होने के बाद तड़के नहरों में पानी छोड़ा गया. अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में भर्तृहरि धाम मार्ग पर एक साथ तीन पैंथर बकरी का शिकार करते नजर आए, जिसके बाद श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील की गई. माउंट आबू में भोजन की तलाश में एक भालू घर में घुसने की कोशिश करता दिखाई दिया.

5.30 करोड़ की साइबर ठगी में बड़ा एक्शन, पुणे से आरोपी गिरफ्तार

जयपुर साइबर क्राइम पुलिस ने कंपनी चेयरमैन की व्हाट्सएप डीपी लगाकर 5.30 करोड़ रुपये की ठगी मामले में म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले आरोपी राहुल अशोक को पुणे से गिरफ्तार किया है. आरोपी ने फर्जी फर्मों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ठगी की रकम ट्रांसफर कराई थी. पुलिस के अनुसार, कंपनी के अकाउंटेंट को चेयरमैन बनकर मैसेज भेजा गया था और दो खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर कराए गए. मामले की जांच जारी है

राजाखेड़ा फायरिंग के तीनों आरोपी चिन्हित, गिरफ्तारी को पुलिस का सर्च ऑपरेशन तेज

धौलपुर के राजाखेड़ा बाजार में दिनदहाड़े हुई हवाई फायरिंग मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर बाइक सवार तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है. बदमाशों ने बाजार में तीन अलग-अलग स्थानों पर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई थी. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए राजाखेड़ा थाना पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है. साइबर सेल और स्पेशल टीम भी लगातार दबिश दे रही हैं. पुलिस का दावा है कि तीनों आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पांचना बांध: तकनीकी खामी दूर, पानी की आपूर्ति शुरू

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश और लगातार मॉनिटरिंग के बीच पांचना समझौते के तहत पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है. आपूर्ति के दौरान आई तकनीकी खराबी को दूर करने के लिए एसडीआरएफ और जल संसाधन विभाग की टीमों ने पूरी रात अभियान चलाया. भरतपुर, बीसलपुर और मथुरा से बुलाए गए विशेषज्ञों की मदद से तड़के 4:50 बजे खराब गेट को सफलतापूर्वक खोल दिया गया. इसके साथ ही करीब 20 साल से तकनीकी कारणों से बंद पड़े गेट भी खोल दिए गए. जिला प्रशासन ने बताया कि अब लिफ्ट, कैनाल और नदी के जरिए निर्धारित क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहेगी.

अजमेर-पुष्कर मार्ग पर दो दिन डायवर्जन, सड़क सुधार कार्य शुरू

अजमेर-पुष्कर मार्ग पर लीला सेवड़ी के पास सड़क मरम्मत कार्य के चलते 7 और 8 जुलाई को यातायात डायवर्ट किया गया है. प्रशासन ने वाहनों को चमत्कारी बालाजी मंदिर और बूढ़ा पुष्कर मार्ग से निकाला जा रहा है. दोनों ओर बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित किया जा रहा है. सार्वजनिक निर्माण विभाग का कहना है कि बारिश के मौसम को देखते हुए क्षतिग्रस्त सड़क का कार्य जल्द पूरा कर आवागमन सामान्य किया जाएगा.

नौकरी दिलाने के नाम पर 24 लाख की ठगी

सिरोही के शिवगंज में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 24.37 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी राकेश जीनगर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने पीड़ित को नगर निकाय में स्थायी नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था. जांच में जालोर नगर परिषद ने नियुक्ति पत्र को फर्जी बताया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने इसी तरह कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया.

माउंट आबू में घर तक पहुंचा भालू, परिवार की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

माउंट आबू के मिनिस्टर कॉटेज क्षेत्र में भोजन की तलाश में एक भालू घर में घुसने की कोशिश करता दिखाई दिया. घर के लोगों ने शोर मचाकर उसे बाहर खदेड़ दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि होटलों और अन्य स्थानों पर बचा हुआ भोजन खुले में फेंकने से भालू आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित हो रहे हैं. वन विभाग ने लोगों से वन्यजीवों को भोजन न देने और कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की है.

सरिस्का में एक साथ दिखे 3 पैंथर, बकरी का शिकार करते दिखे कैमरे में

अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में भर्तृहरि धाम मार्ग के पास एक साथ तीन पैंथर दिखाई दिए. तीनों पैंथर सड़क किनारे बकरी का शिकार करते नजर आए, जिसका वीडियो श्रद्धालुओं ने अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. हाल के दिनों में इसी क्षेत्र में लगातार पैंथरों की गतिविधियां बढ़ी हैं. वन विभाग ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि रात के समय जंगल और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से न रुकें, वन्यजीवों से दूरी बनाए रखें और वाहनों की तेज रोशनी सीधे जानवरों पर न डालें.

पांचना बांध विवाद के बीच तकनीकी खराबी दूर, तड़के नहरों में छोड़ा पानी

करौली के पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़ने में तकनीकी खराबी आने के कारण किसानों में नाराजगी फैल गई. कई गांवों के लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस पूरी रात मौके पर डटे रहे. जल संसाधन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद तड़के करीब पांच बजे तकनीकी खराबी दूर कर नहरों में पानी छोड़ दिया. प्रशासन ने बताया कि अब कमांड क्षेत्र के किसानों को जल्द सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया.

दौसा में महिला ने दर्ज कराया दुष्कर्म केस, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल का आरोप

दौसा के लालसोट थाने में 31 वर्षीय महिला ने कुटक्या गांव निवासी बसराम योगी और विकास योगी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है. पीड़िता का आरोप है कि फरवरी 2025 और जून 2026 में आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इतना ही नहीं, आरोप है कि घटना का मोबाइल से वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया गया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj