नेचर के लिए गुड न्यूज़: चंबल की लहरों में खुशी की छलांग, धौलपुर में एक साथ दिखीं 13 डॉल्फ़िन

Last Updated:January 05, 2026, 14:18 IST
धौलपुर से पर्यटन के लिए खुशखबरी सामने आई है, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य क्षेत्र में पहली बार डॉल्फ़िन पॉपुलेशन एस्टिमेशन एक्सरसाइज़ 2025 के दौरान चंबल नदी में एक साथ 13 डॉल्फ़िन देखी गई हैं. यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है, जिससे धौलपुर की चंबल डॉल्फ़िन के लिए सबसे सुरक्षित और उपयुक्त हैबिटैट के रूप में उभरी है.
चंबल नदी के किनारे फैले राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य से डॉल्फ़िन देखने वाले पर्यटकों के लिए धौलपुर से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां एक साथ 13 डॉल्फ़िन देखी गई हैं, जो धौलपुर के पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए काफी अच्छी साबित होंगी.

पहली बार हुए डॉल्फ़िन पॉपुलेशन एस्टिमेशन एक्सरसाइज़ 2025 में धौलपुर जिले के चंबल राजघाट से समोना और गढ़ी टिड़ावली तक सदाबहार बहने वाली चंबल नदी में 13 डॉल्फ़िन नजर आई हैं. चंबल नदी में कराए गए इस सर्वे में यह डॉल्फ़िन की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है, जिससे जीव-प्रेमियों में खुशी की लहर है.

चंबल नदी राजस्थान में चित्तौड़ से प्रवेश करती है और लगभग चार जिलों से होकर बहते हुए धौलपुर पहुंचती है, लेकिन डॉल्फ़िन केवल धौलपुर की चंबल में ही दिखाई दी हैं. धौलपुर सीमा में बहने वाली डाउनस्ट्रीम चंबल डॉल्फ़िन के लिए सबसे अच्छा हैबिटैट बनी हुई है. यहां एक बच्चे सहित 12 वयस्क डॉल्फ़िन धौलपुर में चंबल की लहरों में छलांग लगाते हुए दिखाई दी.
Add as Preferred Source on Google

राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमाओं में फैले राष्ट्रीय चंबल घड़ियाल अभयारण्य की ओर से तकनीकी और लॉजिस्टिक सहायता डब्ल्यूडब्ल्यूएफ द्वारा प्रदान की गई, जिसने शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों के सहयोग से डॉल्फ़िन का सर्वे किया है.

धौलपुर जिले में चंबल राजघाट से लेकर जिले के चंबल के अंतिम छोर गढ़ी टिड़ावली तक डॉल्फ़िन का सर्वे टैंडम बोट मेथड से किया. इस पद्धति में चंबल नदी में दो नावों से गिनती की जाती है, जिनमें एक नाव आगे और दूसरी पीछे चलती है. दोनों नावें लगभग 500 मीटर की दूरी बनाए रखते हुए नदी में चलती हैं. डॉल्फ़िन की सही गिनती के लिए नावों को लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलाया जाता है. धौलपुर जिले से करीब 40 किलोमीटर दूर अंडवा पुरैनी गांव के समीप चंबल नदी में आठ डॉल्फ़िन लहरों में गोता लगाते हुए दिखाई दीं, जो धौलपुर क्षेत्र की अब तक की सबसे अच्छी और बेहतरीन साइटिंग साबित हो रही है.
First Published :
January 05, 2026, 14:18 IST
homerajasthan
धौलपुर के चंबल नदी में 13 डॉल्फ़िन दिखीं, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा



