Satyendra Jain Arrested | AAP नेता सत्येंद्र जैन गिरफ्तार, दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन, BJP पर बरसे केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को दिल्ली की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने गिरफ्तार कर लिया है. मंगलवार शाम सामने आई जानकारी के मुताबिक, जैन के अलावा पांच अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है. यह मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के विस्तार और अपग्रेडेशन से जुड़े टेंडरों में कथित गड़बड़ी, शर्तों में हेरफेर और आपराधिक साजिश से जुड़ा है.
एसीबी के मुताबिक, इस मामले में सत्येंद्र जैन के अलावा दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय, जल बोर्ड के पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, एएन एन्टरप्राइजेज़ कंपनी के मालिक नागेंद्र यादव, Euroteck Environment Pvt Ltd के मालिक राजा कुमार कुर्रा और श्रीजनहार के प्रोपराइटर पंकज वर्मा को आरोपी बनाया गया है.
बीजेपी का आप पर निशाना
दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस मामले पर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, ‘दिल्ली को लूटने वालों का असली चेहरा बेनकाब! आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ बड़ा एक्शन! एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने Delhi Jal Board के STP टेंडर घोटाले में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के मामले में सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया है. टेंडर में हेराफेरी और करोड़ों की रिश्वत, जनता के पैसे पर यही था AAP का ‘ईमानदार’ मॉडल! जिस पानी और साफ़-सफ़ाई के नाम पर वोट माँगे, उसी पर कमीशनखोरी की. दिल्ली की जनता AAP की असलियत पहले ही जान चुकी थी, और अब एक-एक चोरी के जवाब की ज़िम्मेदारी इनकी है. अरविंद केजरीवाल तुम्हारे पाप देश की जनता के सामने हैं!’
‘फर्जी साबित होगा केस’
वहीं आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘सत्येन्द्र जैन जी को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है. अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है. पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा. आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं. इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा? बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है. ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है। पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है.’
दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने भी जैन की गिरफ्तारी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘पंजाब चुनाव से ठीक पहले पंजाब के सहप्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है. पहले भी उनको ढाई साल तक फ़र्ज़ी मामले में जेल में रखा और अब फिर… एक और फ़र्ज़ी मामला. GenZ आंदोलन से लेकर राम मंदिर में चंदाचोरी और E20 तक के मुद्दों पर घिरी बीजेपी अब फिर से ED-ACB-CBI के पुराने चुनावी हथकंडे पर उतर आई है.’
पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके हैं जैन
बता दें कि सत्येंद्र जैन के खिलाफ दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े कथित घोटाले में पहले से जांच चल रही थी. प्रवर्तन निदेशालय ने दिसंबर 2025 में इसी मामले से संबंधित अपनी जांच में सत्येंद्र कुमार जैन समेत 14 लोगों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की थी. ED के मुताबिक, मामला दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जुड़े चार टेंडरों में कथित अनियमितताओं से संबंधित है.
ED ने अपनी जांच में आरोप लगाया था कि टेंडर प्रक्रिया में कथित हेरफेर के जरिए एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया गया और करीब 6.73 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत का भुगतान किया गया. एजेंसी के अनुसार, मामले में करीब 17.70 करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित आय का पता चला था.
सत्येंद्र जैन इससे पहले भी केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं. ऐसे में ACB की ताजा गिरफ्तारी के बाद दिल्ली की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है. आम आदमी पार्टी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर भी नजर रहेगी.



