Rajasthan

RSMSSB: CET-2026 का शेड्यूल जारी, 19 से 23 भर्तियों का रास्ता खुलेगा, जानें छात्रों की क्यों बढ़ गई है टेंशन?

जयपुर. राजस्थान में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए समान पात्रता परीक्षा (CET)-2026 के आवेदन शुरू हो गए हैं. राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने आवेदन प्रक्रिया के साथ परीक्षा तिथियां भी घोषित कर दी हैं. इस बार सीईटी परीक्षा कुछ महत्वपूर्ण बदलावों के साथ आयोजित की जा रही है. बोर्ड ने सीईटी का नया सिलेबस जारी कर दिया है, लेकिन इस बार विषयवार (टॉपिक वाइज) अंकभार जारी नहीं किया गया है. इससे सीईटी स्नातक और सीनियर सेकेंडरी स्तर की तैयारी कर रहे 30 लाख से अधिक अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले वर्षों में बोर्ड द्वारा सिलेबस के साथ टॉपिक वाइज अंकभार भी जारी किया जाता था. इससे यह स्पष्ट हो जाता था कि किस विषय या टॉपिक से कितने अंक पूछे जाएंगे, जिससे तैयारी की रणनीति बनाना आसान हो जाता था. इस बार अंकभार जारी नहीं होने से अभ्यर्थी यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि किस विषय पर अधिक और किस पर कम फोकस करें. अभ्यर्थियों का यह भी कहना है कि राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित रीट (REET) परीक्षा में भी विषयवार अंकभार जारी किया जाता है, जिससे तैयारी करने में काफी सुविधा मिलती है. ऐसे में सीईटी के लिए भी टॉपिक वाइज अंकभार जारी करने की मांग की जा रही है. हालांकि, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने फिलहाल ऐसा करने से इनकार कर दिया है.

सीईटी में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक की पात्रता बरकरार

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने इस बार भी सीईटी में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक की पात्रता बरकरार रखी है. वहीं, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को पहले की तरह 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी. बोर्ड ने अभ्यर्थियों को एक बड़ी राहत देते हुए सीईटी की वैधता अवधि एक वर्ष से बढ़ाकर तीन वर्ष कर दी है. इससे पात्रता प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को हर वर्ष परीक्षा देने की आवश्यकता नहीं होगी. हालांकि, यदि कोई अभ्यर्थी अपने स्कोर में सुधार करना चाहता है, तो वह हर वर्ष सीईटी परीक्षा में शामिल होकर अपना स्कोर बेहतर कर सकता है.

जानिए कब होंगी सीईटी परीक्षाएं

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अनुसार, सीईटी सीनियर सेकेंडरी स्तर की परीक्षा 23 से 25 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी. वहीं, सीईटी स्नातक स्तर की परीक्षा 1 से 3 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी. सीईटी कोई अंतिम भर्ती परीक्षा नहीं है, बल्कि यह पात्रता (स्क्रीनिंग) परीक्षा है. इसमें प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थी विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के पात्र बनते हैं. सीईटी के माध्यम से प्लाटून कमांडर, पटवारी, कनिष्ठ लेखाकार, तहसील राजस्व लेखाकार, महिला अधिकारिता विभाग में पर्यवेक्षक, उपजेलर, छात्रावास अधीक्षक ग्रेड-द्वितीय और ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सहित कई प्रमुख भर्तियों के लिए पात्रता निर्धारित की जाती है.

सीईटी के बाद खुलेंगे 19 से 23 बड़ी भर्तियों के रास्ते

वर्तमान में राजस्थान की कई प्रमुख भर्तियां सीईटी पात्रता के अभाव में लंबित हैं. सीईटी-2026 के आयोजन के बाद इन भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की संभावना है. माना जा रहा है कि इस बार सीईटी पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए राज्य की लगभग 19 से 23 बड़ी सरकारी भर्तियों का रास्ता खुलेगा, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj